आज से रोडवेज और भारी वाहन होंगे डायवर्ट
मेरठ। एनएच-58 पर भारी वाहनों और रोडवेज बसों का आज से डायवर्जन रहेगा। वहीं एक अगस्त की सुबह से बस अड्डे भी शहर से बाहर शिफ्ट कर हाईवे पर वनवे कर दिया जाएगा। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी ने बताया कि डायवर्जन व्यवस्था दस अगस्त की शाम छह बजे तक लागू रहेगी।
यह रहेगी डायवर्जन व्यवस्था
दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को गाजियाबाद से हापुड़, खरखौदा मेरठ लाया जाएगा, जो किठौर से परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर, जानसठ से होकर मुजफ्फरनगर जा सकेंगे।
जिन वाहनों को हरिद्वार व देहरादून की ओर जाना है, ऐसे वाहन गंगनहर बैराज, बिजनौर के रास्ते जाएंगे।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर की तरफ से आने वाली रोडवेज बसें, जिन्हें दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ जाना है। ऐसी बसें कमिश्नरी आवास चौराहे से यूनिवर्सिटी रोड, तेजगढ़ी से सोहराब गेट बस अड्डे जा सकेंगी। वापसी में तेजगढ़ी चौराहे से गढ़ रोड, किठौर से हापुड़ होते हुए जा सकेंगी।
मुरादाबाद, गढ़ मुक्तेश्वर की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिन्हें मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, रुड़की, हरिद्वार, देहरादून की ओर जाना है। इन वाहनों को किठौर से किला परीक्षतगढ़ रूट पर डायवर्ट कर दिया जाएगा। मवाना, मीरापुर, बिजनौर के रास्ते जा सकेंगे।
देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर की तरफ से आने वाले भारी वाहन जिन्हें गढ़, मुरादाबाद की ओर जाना है। ऐसे वाहन मवाना से परीक्षितगढ़, किठौर होकर जा सकेंगे।
देहरादून, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर व बिजनौर की ओर से आने वाले यात्री वाहन व रोडवेज बस जिन्हें मेरठ होकर गढ़ मुरादाबाद की ओर जाना है। ऐसे वाहन मीरापुर, मवाना होते हुए कमिश्नरी आवास चौराहे से तेजगढ़ी, गढ़ रोड से जा सकेंगे।
मुरादाबाद, गढ़ की तरफ से आने वाले यात्री वाहन और रोडवेज बसें, जिन्हें मेरठ होकर देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर की ओर जाना है, ऐसे वाहन गढ़ रोड से जेलचुंगी, कमिश्नरी आवास चौराहा, मवाना, बहसूमा, मीरापुर के रास्ते जा सकेंगे।
बरेली, मुरादाबाद की ओर से आने वाला यातायात जिन्हें शामली, बागपत और करनाल की तरफ जाना है, ऐेसे वाहन गढ़ से सिंभावली, हापुड़, पिलखुवा, डासना, यूपी गेट होकर महाराजपुर चेक पोस्ट दिल्ली लोनी बार्डर से जा सकेंगे।
शामली, करनाल (हरियाणा), बागपत की ओर से आने वाला यातायात जिन्हें मेरठ होकर बरेली, मुरादाबाद की ओर जाना है, ऐसे वाहन दिल्ली लोनी बॉर्डर से महाराजगंज चेक पोस्ट यूपी गेट गाजियाबाद, डासना, हापुड़, सिंभावली व गढ़ की ओर जा सकेंगे।
यह रहेगा वैकल्पिक मार्ग
दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाला यातायात यदि गलती से मेरठ की तरफ आता है तो उसे मोहिउद्दीनपुर से खरखौदा की तरफ डायवर्ट कर हापुड़ की तरफ भेजा जाएगा।
कांवड़िए दूर तक नहीं, तारीख कर दी निर्धारित
दिल्ली देहरादून हाईवे पर कांवड़िए आने तो शुरू हो गए हैं, लेकिन कांवड़ियों की भीड़ अभी दूर तक नहीं है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने दूसरे जिलों की पुलिस से संपर्क कर हाईवे बंद की तारीख पहले ही निर्धारित कर दी। ट्रैफिक पुलिस ने पहले पांच अगस्त की रात्रि से हाईवे बंद करने की बात कही थी। उसके बाद चार अगस्त की रात्रि से हाईवे बंद करने की बात कही। अफसरों का कहना है कि जैसे ही हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ेगी उसके बाद तो हाईवे बंद किया जाएगा।