मवाना। अप्रशिक्षित एवं स्नातक शिक्षामित्रों के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय चरण तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत अप्रशिक्षित अध्यापकों के प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा एक से चार अगस्त तक आयोजित की जाएगी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य श्रवण कुमार ने बताया कि परीक्षा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पर तय कार्यक्रमानुसार आयोजित होगी।
बच्चों को स्कूल बैग वितरित
मवाना। गड़ीना गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल में सोमवार को बैग का वितरण किया गया। इन्हें पाकर बच्चे खुशी से झूम उठे।
इंचार्ज अध्यापक अनवर अहमद ने बताया कि सोमवार को स्कूल में बच्चों को बैग वितरित किए गए। इसके अतिरिक्त स्कूल में मौजूद अभिभावकों को सरकार द्वारा सर्व शिक्षा अभियान अंर्तगत आने वाले प्राइमरी एवं जूनियर स्कूलों में चलाई जा रही योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए प्रेरित किया।
खंभा बन सकता है हादसे का सबब
मवाना। मिल रोड पर एचटी लाइन का खंभा नीचे से गल जाने से एक ओर झुक गया है। जिस कारण खंभा कभी भी हादसे का सबब बन सकता है।
मिल रोड स्थित एचटी लाइन का खंभा पिछले कई महीने से नीचे से गला हुआ है। चार दिन तक लगातार हुई बारिश एवं दो दिन चली तेज हवा के कारण खंभा एक ओर झुक गया। इसकी जानकारी लोगों ने विद्युत निगम को दी। इसके बावजूद अधिकारियों ने खंभा बदलवाने की जहमत तक नहीं उठाई। इस संबंध में एसडीओ योगेंद्र बजाज का कहना है कि मामला संज्ञान में है, जल्द खंभा बदलवा दिया जायेगा।