बैटिंग पर फोकस कर रहे गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार
मेरठ। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार इन दिनों बल्लेबाजी पर फोकस कर रहे हैं। सोमवार को भुवी ने भामाशाह पार्क में करीब दो घंटे अभ्यास कर जमकर पसीना बहाया। भुवनेश्वर कुमार गेंदबाजी के साथ बैटिंग को भी हथियार बनाना चाहते हैं। यही कारण रहा कि उन्होंने बल्ले से मैदान के चारों ओर शॅाट लगाए।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर गेंदबाजी में अच्छे-अच्छे बल्लेबाजों के छक्के छुड़ाने वाले भुवनेश्वर कुमार आलराउंडर बनने की राह पर निकले हैं। आईपीएल में भुवी ने कई अच्छी पारियां खेली हैं। जिसमें उन्होेंने सनराइजर्स हैदराबाद को कई मैचों में जीत भी दिलाई है। हालांकि गेंदबाजी में वो कुछ खास नहीं कर पाए। आईपीएल समाप्त होने के बाद इन दिनों भुवी मेरठ आए हुए हैं। जहां प्रतिदिन भामाशाह पार्क में अभ्यास भी कर रहे हैं। गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी की तकनीक पर ध्यान दे रहे हैं। सोमवार को भामाशाह पार्क में भुवनेश्वर ने दो घंटे के अभ्यास में सिर्फ बैटिंग को ही फोकस किया। मैदान पर कोच संजय रस्तोगी और यूपी अंडर-23 के बल्लेबाज प्रशांत कुमार भुवी के साथ मौजूद थे। भामाशाह पार्क में क्रिकेट की कोचिंग ले रहे चाइनामैन पारितोष सहित अन्य गेंदबाजों का भुवी ने सामना किया। जिसमें भुवी ने कई अच्छे शॉट भी लगाए। एक टीवी इंटरव्यू में भुवी ने कहा भी है कि जल्दी विकेट गिरने पर रन बनाने का दबाव आ जाता है। कई बार उनके कोच ने उनसे रन बनाने को कहा है। भारतीय टीम आयरलैंड दौरे पर जाएगी। जहां 27 जुलाई व 29 जुलाई को दो टी-20 होने हैं। जिसके बाद टीम इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली है। जहां तीन टी-20, तीन वनडे, पांच टेस्ट मैच होने हैं। विदेशी पिचों पर बल्लेबाजी करना हमेशा भारतीय टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रहा है। यही कारण है कि इन दौरों से पहले भुवी बल्लेबाजी पर अधिक फोकस कर रहे है। कोच संजय रस्तोगी ने बताया भुवी का बल्लेबाजी का अभ्यास करना मात्र खेल का एक हिस्सा है।
हाथ और धड़ से गेंद दबाकर की बल्लेबाजी
अभ्यास के दौरान भुवनेश्वर ने बाएं हाथ के नीचे गेंद दबाकर बल्लेबाजी की। जिससे साफ नजर आया कि बल्लेबाजी के दौरान भुवी के हाथ और धड़ में गेप के कारण ऐसा किया गया है। कोच के कहने पर उनके गेप को समाप्त करने के लिए यह ट्रिक अपनाई गई है।
सेल्फी लेने को निराश हुए फैंस
भामाशाह पार्क में भुवी के अभ्यास की खबर सुनकर उनके फैंस की भारी भीड़ फोटो और सेल्फी के लिए मैदान में पहुंच गई। लेकिन फैंस को निराशा हाथ लगी। भुवनेश्वर ने फैंस को सेल्फी लेने से मना कर दिया। फैंस का कहना है कि दो घंटे के इंतजार के बाद भी उन्हें खाली लौटना पड़ा।
खास बातें:
- भामाशाह पार्क में अभ्यास के दौरान जमकर बहाया पसीना
- दो घंटे के अभ्यास में भुवी ने लगाए मैदान के चारों ओर शॉट
- विक्टोरिया पार्क के गेंदबाजों ने जमकर कराया अभ्यास