पोस्टमार्टम का बजट कहां आता है, कोई तो बताए
मेरठ। एनएच-58 स्थित एक होटल में प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के क्षेत्रीय अधिवेशन ‘उद्घोष 2018’ का आयोजन किया गया। इसमें संघ ने अपनी समस्याओं का एक ज्ञापन तैयार किया, जिसे शासन को भेजा जाएगा। इसमें मुद्दा उठा कि पोस्टमार्टम के बजट को लेकर मतभेद बना हुआ है। पुलिस वाले सीएमओ कार्यालय में बजट आना बताते हैं, जबकि सीएमओ कार्यालय में यह पैसा आता ही नहीं है।
कार्यक्रम में 12 जनपदों के पदाधिकारियों ने शिरकत की। इसमें समय से पदोन्नति न होना, समय से सैलरी में बढ़ोतरी न होने पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार यादव और मुख्य अतिथि डॉ. मंजू शर्मा ने किया। इस दौरान महामंत्री अमित सिंह, संगठन मंत्री सचिन वैश्य, संरक्षक मंडल से जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीके बंसल, सीएमओ डॉ. राजकुमार, डॉ. बीपीएस कल्याणी, सचिव डॉ. विश्वास चौधरी आदि रहे। डॉ. बीपीएस कल्याणी ने बताया कि समस्याओं से संबंधित ज्ञापन पदाधिकारियों को दिया गया है। वह इसे शासन को भेजेंगे। इसके बाद रंगारंग कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।