घर बैठे डीएल की तरफ बढ़ रहा आरटीओ
मेरठ। वाहनों के रजिस्ट्रेशन में पारदर्शिता लाने के बाद अब आरटीओ आनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस की तरफ कदम बढ़ाने लगा है। अप्रैल माह से लागू होने जा रही सारथी-4.0 व्यवस्था से जहां लोग डीएल प्रक्रिया को ऑनलाइन पूरा कर सकेंगे, वहीं अगले चरण में लागू होने वाले सारथी-5.0 सिस्टम से घर बैठे डीएल भी बनवा सकेंगे। वाहन-4.0 सॉफ्टवेयर को अपलोड करने के लिए चार से नौ अप्रैल तक आरटीओ में डीएल बनाने का काम नहीं होगा। जिन लोगों को डीएल परमानेंट या नवीनीकरण का काम कराना है वह तीन अप्रैल दोपहर एक बजे तक करा सकते हैं।
केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय वाहनों के रजिस्ट्रेशन और डीएल में पारदर्शिता और इसे ज्यादा सुलभ बनाने के लिए वाहन-4.0 और सारथी-4.0 सिस्टम लागू किया है। मंत्रालय देश के सभी आरटीओ को इन दोनों सॉफ्टवेयर से जोड़ रहा है। मेरठ आरटीओ वाहन-4.0 सिस्टम से पहले ही लैस हो चुका है। अब सारथी-4.0 सिस्टम की बारी है। इस सिस्टम को चार अप्रैल से नौ अप्रैल तक अपलोड कर दिया जाएगा।
सिस्टम लागू होने के बाद यह होगा फायदा
सारथी-4.0 सिस्टम लागू होने के बाद लोग डीएल आवेदन ऑनलाइन कर सकेंगे। डीएल के लिए जरूरी प्रपत्र भी ऑनलाइन अपलोड होंगे और फीस भी ऑनलाइन जमा होगी। ये प्रक्रिया पूरी करने के बाद आवेदक को आफिस आने की तिथि दी जाएगी। इस तिथि पर आवेदक आरटीओ जाकर अपना फोटो खिंचाएगा और इलेक्ट्रानिक हस्ताक्षर आदि करने के बाद परीक्षा देगा। इसके बाद उसका लर्निंग लाइसेंस बनेगा।
सारथी-5.0 से घर बैठे बनवा सकेंगे डीएल
अगले चरण में परिवहन मंत्रालय सारथी-5.0 सिस्टम लाने जा रहा है। इस सॉफ्टवेयर के जरिये घर बैठे लर्निंग लाइसेंस बनवाया जा सकेगा। पहचान के लिए आवेदक का पूरा डेटा आधार कार्ड से लिया जाएगा। ऑनलाइन परीक्षा होगी और डाक से उसका डीएल भेज दिया जाएगा। आवेदक को आरटीओ जाने की जरूरत नहीं होगी।
खास बातें:
वाहन-4 सॉफ्टवेयर के बाद अब सारथी-4 सॉफ्टवेयर लगाने की तैयारी
4 से 9 अप्रैल तक अपलोड किया जाएगा परिवहन विभाग का सॉफ्टवेयर
सभी आरटीओ जुड़ने पर कहीं से भी हो सकेंगे डीएल संबंधित काम