योगी सरकार में बढ़ी महिलाओं की सुरक्षा : दर्शना सिंह
मेरठ।
भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने कहा कि सपा सरकार में महिलाओं का सबसे ज्यादा उत्पीड़न हुआ। महिलाओं में पूरी तरह असुरक्षा की भावना घर कर गई थी। लेकिन योगी सरकार के आते ही महिलाओं में जहां सुरक्षा की भावना बढ़ी है, वहीं उनको सम्मान भी मिलना शुरू हुआ है।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दर्शना सिंह ने कहा कि पिछली सरकारों में महिलाएं तो क्या पुरुष भी थानों में जाने से डरते थे। योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। इस कड़ी मेें एंटी रोमियो स्क्वायड गठित करना महत्व कदम रहा। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं यदि थाने जाती हैं तो उनकी सुनवाई होती है। इस कारण महिला उत्पीड़न अपराधों का ग्राफ गिरा है।
तीन तलाक के मुद्दे पर दर्शना सिंह ने कहा कि यह निर्णय प्रधानमंत्री मोदी का साहसिक निर्णय है। अब मुस्लिम महिलाएं खुलकर इस निर्णय के पक्ष में आ रही हैं। संगठन में बदलाव पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जल्दी ही संगठन में चुनाव होगा। जो भी पद रिक्त हैं या अभी तक जहां नया गठन नहीं हुआ है, उस दिशा में भी तेजी से कदम उठाया जाएगा। बूथ स्तर तक महिलाओं को मजबूत किया जायेगा और संगठन में भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
इससे पूर्व सर्किट हाउस पहुुंचने पर दर्शना सिंह का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान भाजपा महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन गर्ग, राखी त्यागी, उमा चतुर्वेदी, प्रवेश त्यागी, वर्षा कौशिक, डॉ. अंजू वारियर, मीना भंडारी, पूजा बंसल, मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।
खुद को किसी से कम न समझें
मेरठ। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष दर्शना सिंह ने कहा कि महिला मोर्चा की कार्यकर्ता खुद को किसी से कम न समझें। शीघ्र ही मोर्चा का नया गठन होगा, जिसमें क्रियाशील और निष्ठावान कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी। दर्शना सिंह ने मंगलवार को आईआईएमटी कालेज मॉल रोड में आयोजित क्षेत्रीय महिला मोर्चा के द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में यह बात कही। उन्होंने कहा कि अब जमाना बदल रहा है। महिलाएं भी राजनीति में पुरुषों के साथ आगे बढ़ रही हैं। आधी आबादी आज जागरूक हो रही है, ऐसे में महिला शक्ति को अपनी ताकत को समझना होगा। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से कहा कि 2019 के लक्ष्य को सामने रखते हुए हमें महिला मोर्चे को बूथ स्तर तक ले जाना होगा, तभी हम अपनी ताकत का अहसास करा सकेंगे। सम्मेलन में सूर्यप्रकाश पाल ने भी विचार रखे। इस दौरान वर्षा कौशिक, मीना भंडारी, डा. अंजू वारियर, प्रवेश त्यागी, उमा चतुर्वेदी, राखी त्यागी, ममता त्यागी, सरला शर्मा, संगीता पंडित, पूजा बंसल, निधि रस्तोगी आदि मौजूद रहे।