फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

होली पर निकलने लगी भीड़

विज्ञापन
विज्ञापन
होली पर निकलने लगी भीड़, रोडवेज का अभियान शुरू
विज्ञापन

मेरठ। होली के त्योहार पर लोगों को उनके गंतव्य स्थान तक पहुंचाने के लिए सोमवार से रोडवेज ने अपना आठ दिवसीय होली अभियान शुरू कर दिया। पूर्वी उप्र जाने वाले यात्रियों के लिए मेरठ रोडवेज रीजन ने करीब 100 बसों का बेड़ा आनंद विहार बस अड्डे भेज दिया है। वहीं मेरठ से भी लोग होली की त्योहार मनाने अपने घरों को निकलने लगे हैं। बसों का समुचित संचालन कराने के लिए रोडवेज ने कर्मचारियों की छुट्टी प्रतिबंधित कर दी है। हालांकि लोकल यात्रियों के लिए बीमार और खटारा बसों का बेड़ा सिरदर्द बना हुआ है।
होली पर ट्रेने लगभग फुल हो चुकी हैं। इसके चलते रोडवेज पर यात्रियों का बोझ बढ़ना लाजिमी है। हर साल की भांति रोडवेज का आठ दिवसीय अभियान सोमवार से शुरू हो गया। यह पांच मार्च तक चलेगा। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली से पूर्वी उप्र के लिए बड़ी संख्या में घर जाने वाले यात्रियों के लिए मेरठ और गाजियाबाद रोडवेज रीजन से अभी तक 100 से ज्यादा बसें आनंद विहार भेजी जा चुकी हैं। भीड़ के अनुपात में बसों को भेजा जाता रहेगा।
विज्ञापन


कर्मचारियों की छुट्टी पर प्रतिबंध
होली अभियान में लोगों को बसों की किल्लत न हो इसके लिए बस संचालन और वर्कशाप से जुड़े कर्मचारियों की छुट्टी को प्रतिबंधित कर दिया गया है। उचित कारण से ही कर्मचारी अभियान के दौरान छुट्टी ले पाएंगे। अगर बिना किसी कारण कोई कर्मचारी अनुपस्थित रहा तो उसके निलंबन की संस्तुति की जाएगी।

घर रवाना होने लगे लोग
एक मार्च की होली और दो मार्च की दुल्हैंडी है। लंबी दूरी के लोगों ने सोमवार से घरों के लिए निकलना शुरू कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली जाने वाली बसों में सर्वाधिक भीड़ रही। दिल्ली से यात्रियों को पूर्वी उप्र के लिए बसें मिलेंगी। इसके लिए यात्री आनंद विहार और आईएसबीटी पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बिजनौर, मुरादाबाद, आगरा व हरिद्वार रूट की बसों में भी अच्छी खासी भीड़ रही।

बीमार बसों से होगी दिक्कत
रोडवेज ने बीमार व खटारा बसों को लोकल रूटों के लिए रिजर्व कर दिया है। लोकल रूटों पर मंगलवार और बुधवार को भीड़ रहेगी। खटारा बसों के चलते यात्रियों को दिक्कत हो सकती है। हालांकि रोडवेज अधिकारी बसों को सही बता रहे हैं। परेशानी नही होने का आश्वासन दे रहे हैं।

तीन सौ किलोमीटर पर मिलेंगे तीन सौ रुपये
होली अभियान के तहत चालकों और परिचालकों की अनुपस्थिति मुसीबत बन सकती है। हालांकि विभाग ने चालकों और परिचालकों के अलावा वर्कशाप कर्मचारियों की उपस्थित जरूरी करते हुए इंसेंटिव की भी घोषणा की है। अभियान के दौरान रोजाना 300 किलोमीटर बस चलाने पर कर्मचारियों को 300 रुपये दिए जाएंगे। वहीं वर्कशाप कर्मचारियों को 250 रुपये रोजाना दिए जाएंगे।
विज्ञापन


क्या कहते हैं अधिकारी
रोडवेज का होली अभियान आज से शुरू हो गया है। यह पांच मार्च तक चलेगा। पूर्वी उप्र के लिए बसों को दिल्ली भेज दिया गया है। इसके अलावा लोकल रूटों के साथ ही दिल्ली, बिजनौर, हरिद्वार, मुरादाबाद, अलीगढ़ और आगरा आदि रूटों पर भी पर्याप्त बसों की व्यवस्था की है।
एसके बनर्जी, आरएम मेरठ रोडवेज रीजन

खास बातें
- पूर्वी उप्र के यात्रियों की सुविधा के लिए मेरठ रीजन ने करीब सौ बसें भेजीं आनंद विहार
- खटारा बसों को लोकल के लिए रखा गया, यात्रियों की बढ़ेगी दिक्कत
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें