24 की दोपहर से 25 की रात तक रहेगा डायवर्जन
मेरठ। जागृति विहार विस्तार योजना पर 25 फरवरी को आयोजन होने वाले राष्ट्रोदय कार्यक्रम को लेकर डायजर्वन रहेगा। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी के अनुसार कार्यक्रम में तीन से चार लाख स्वयं सेवकों के आने का अनुमान है, जिनमें पांच हजार बस और अन्य निजी वाहनों से कार्यकर्ता पहुंचेंगे। यातायात व्यवस्था को लेकर 24 फरवरी की दोपहर 12 बजे से 25 फरवरी की रात्रि 12 बजे तक जिले की सीमा में भारी वाहन नहीं घुसेंगे।
ये होगी व्यवस्था
ऐसे भारी वाहन जो मुजफ्फरनगर से दौराला, परतापुर होते हुए गाजियाबाद व दिल्ली की तरफ जाएंगे। ऐसे वाहनों को दौराला से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ की तरफ जा सकेंगे।
ऐसे भारी वाहन जो शामली की ओर से परतापुर होते हुए दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ और मुजफ्फरनगर की ओर जाएंगे। ऐसे वाहनों को नानू पुल शामली रोड से सरधना की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। ये वाहन नानू नहर पुल से सरधना, दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ होते हुए या नानू नहर पुल से जानी, मुरादनगर होते हुए गंतव्य को जा सकेंगे।
बागपत, बड़ौत से दिल्ली, अलीगढ़, मुरादाबाद या हापुड़ को जाने वाले भारी वाहनों को जानी नहर पुल से डायवर्ट कर दिया जाएगा। जो मुरादनगर नहर पटरी से नानू नहर पुल से सरधना, दौराला, लावड़, मसूरी, मवाना, किठौर से हापुड़ होते हुए जा सकेंगे।
हापुड़, गढ़ से मुजफ्फरनगर, बागपत या बागपत की ओर जाने वाले भारी वाहनों को खरखौदा, किठौर से डायवर्ट कर दिया जाएगा। ऐसे वाहन किठौर, मवाना, मसूरी, लावड़ से दौराला होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन जो एनएच-58 होते हुए मुजफ्फरनगर, शामली व सहारनपुर को जायेंगे। ऐसे भारी वाहन मोहिउद्ीनपुर- खरखौदा मोड़ से होते हुए आने गंतव्य को जा सकेंगे।
बिजनौर, मवाना की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें हापुड़, गढ़, बागपत या दिल्ली की ओर जाना है। ऐसे वाहनों को मूसरी गांव के तिराहे से दौराला की ओर डायवर्ट कर दिया जाएगा। यह वाहन मवाना, दौराला, सरधना, नानू नहर पुल से नहर पटरी के रास्ते से जा सकेंगे।