मेरठ। शहर में भारी वाहनों को रोकने के लिए पुलिस अफसरों ने और भी सख्त निर्देश दिए हैं। एसपी ट्रैफिक ने कहा कि 20 ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं जहां से भारी वाहन घुसते हैं। पुलिस अफसरों ने साफ कर दिया कि शहर की यातायात व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी अपने इस अभियान को सबसे सफल अभियान मान रहे हैं।
शहर में दिन में भारी वाहनों से शहर में जाम लगता था। सुबह आठ बजे से ही शहर जाम की चपेट में आ जाता था। स्कूल आने जाने वाले बच्चों को भी जाम से घंटों जूझना पड़ता था। जाम की समस्या पर पुलिस और प्रशासन के उच्च अधिकारियों के निर्देश पर 25 दिसंबर की सुबह से एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई ने शहर में दिन में भारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया। शहर में सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री रहती है।
लंबे समय बाद मिली सफलता
एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेई ने बताया कि दिन में भारी वाहन बंद करने का अभियान सफल रहा। मेरठ के जाम की गूंज लखनऊ तक पहुंची थी। जब भी यहां पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने चार्ज संभाला तो उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था में ही सुधार की बात कही। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वनवे व्यवस्था की, वेस्ट एंड रोड का भी प्लान बनाया। लेकिन दिल्ली रोड समेत मुख्य मार्गो से जाम की समस्या कम नहीं हुई। जिसके बाद मामला से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया। एसएसपी मंजिल सैनी दहल के निर्देश पर भारी वाहनों को लेकर मीटिंग कर पुलिस ने पूरा प्लान बनाकर भारी वाहनों पर रोक लगाई। लंबे समय बाद शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ है।
सख्त निर्देश
एसपी ट्रैफिक का कहना है कि भारी वाहनों को दिन में आने के लिए कोई भी छूट नहीं दी जाएगी। जिन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी है वहां ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए गये कि शहर में दिन में भारी वाहन न घुसें। टीआई और टीएसआई को दिन में अलग अलग स्थानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। शहर में जिन स्थानों पर थाना पुलिस की ड्यूटी है वहां संबंधित थाना प्रभारियों को भी भारी वाहन रोकने के लिए कहा कि सख्ती से भारी वाहनों को रोका जाए।
इन स्थानों के लिए कोई छूट नहीं
एसपी ट्रैफिक का कहना है कि शहर में बिजली बंबा चौकी से शहर की तरफ, एल ब्लॉक तिराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा, शास्त्रीनगर पीवीएस रोड, गढ़ रोड पर मेडिकल कॉलेज गेट, तेजगढ़ी चौराहा, जेलचुंगी चौराहा, गंगानगर, कमिश्नरी आवास चौराहा, मोदीपुरम तिराहा, जीरो माइल चौराहा, लालकुर्ती मुख्य मार्ग, बेगमपुल चौराहा, रेलवे रोड चौराहा, मेट्रो प्लाजा, दिल्ली चुंगी और बागपत रोड से शहर की तरफ नो एंट्री के समय सुबह सात बजे से रात दस बजे तक कोई भी छूट नहीं दी जाएगी। इन्हीं स्थानों पर एक साल में ट्रक दिन के समय करीब 50 लोगों की जान ले चुके हैं। भारी वाहन बंद होने से हादसों में कमी आयी है।
आज एसएसपी से मिलेंगे ट्रांसपोर्टर
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन मेरठ के अध्यक्ष गौरव शर्मा का कहना है कि बुधवार को ट्रांसपोर्टर एसएसपी से मिलकर कुछ बिंदुओं पर समस्या रखेंगे। दिन में शहर में भारी वाहन बंद होने से ट्रक आरटीओ कार्यालय फिटनेस के लिए नहीं पहुंच रहे हैं। पुलिस को इस समस्या का भी समाधान करना होगा। गौरव शर्मा ने व्यापारी नेता और ट्रांसपोर्टर प्रवीन चिन्योटी के बयान की भी निंदा की है। गौरव शर्मा ने कहा कि प्रवीन चिन्योटी अपने हित के लिए पुलिस की भाषा बोल रहे हैं। प्रवीन चिन्योटी ने सोमवार को कहा था कि शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर वह पुलिस का सहयोग करेेंगे। ट्रकों पर रोक लगाने से यातायात व्यवस्था सुधरी है तो पुलिस का सराहनीय काम है।