ट्रैफिक पुलिस को मिली 15 नई ट्रैमो बाइक
मेरठ। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस संसाधनों से और भी मजबूत हो गई। शनिवार को ट्रैफिक पुलिस को 15 नई ट्रैमो (ट्रैफिक मोबाइल) बाइक मिल गई। दस ट्रैमो पांच माह पहले ही मिल गई थी। एक नई क्रेन भी ट्रैफिक को मिली है।
एसएसपी मंजिल सैनी दहल, एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी ने शनिवार दोपहर 12 बजे बेगमपुल से नई ट्रैमो को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैफिक पुलिस में बीस सिपाही भी तैनात किए गये हैं। एक ट्रैमो बाइक पर दो सिपाही लगाए गये हैं। एसएसपी ने कहा कि यदि ट्रैफिक की ड्यूटी में कोई लापरवाही मिली तो सीधे सस्पेंड की कार्रवाई की जाएगी। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि पुरानी और नई ट्रैमों की 25 स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई है। जहां भी जाम की सूचना मिलती है वहां जाम खुलवाया जाएगा। ट्रैमो पर तैनात पुलिसकर्मियों को माइक से एनाउंस कराकर सड़क पर अवैध तरीके से खड़े वाहनों को हटवाने के साथ जाम भी खुलवाना पड़ेगा। पुलिस फोटो चालान के साथ चस्पा चालान भी करेगी।
नई ट्रैमो बाइक में जल्द ही जीपीएस भी लगवाया जाएगा। ड्यूटी के समय के लिए बॉडी ऑन कैमरे की भी व्यवस्था की जा रही है। कैमरों से पुलिस की पूरे दिन की गतिविधियों को कंट्रोल रूम से देखा जा सकेगा। साथ ही पुलिस ने या किसी वाहन चालक ने कोई अभद्रता की तो उसकी भी रिकार्डिंग हो जाएगी। ट्रैमो पर सुबह नौ बजे से 12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। इस दौरान सीओ ट्रैफिक संजीव देशवाल, सीओ विजय प्रकाश, टीआई सुनील कुमार, टीएसआई डीडी दीक्षित, टीएसआई नदीम खान, संजय सिंह, पुष्पेंद्र कुमार, मिशिका सोसायटी से अमित नागर, सुनील कुमार मौजूद रहे।
ट्रैफिक कंट्रोल रूम की तैयारी तेज
एसपी ट्रैैफिक ने बताया कि पुलिस लाइन में ट्रैफिक कार्यालय से सटे भवन में जल्द ही ट्रैफिक का कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। इसके बाद जाम संबंधी समस्या ट्रैफिक कंट्रोल रूम पर पहुंचेंगी।
यहा रहेगी ट्रैमो
बेगमपुल से जीरो माइल, पीएल शर्मा रोड, लालकुर्ती से बाउंड्री रोड, जीरो माइल से आरवीसी कट, जली कोठी से रेलवे रोड, ईदगाह से बागपत अड्डा, बागपत अड्डे से धर्मकांटा, टीपीनगर से शॉप्रिक्स मॉल, बेगमपुल से बच्चा पार्क, बच्चा पार्क से हापुड़ अड्डा, ईव्ज चौराहे से कचहरी चौराहा, बच्चा पार्क से कमिश्नरी, हापुड़ अड्डे से एल ब्लॉक, हापुड़ अड्डे से भूमिया पुल, हापुड़ अड्डा चौराहे से गांधी आश्रम चौराहा, सोहराबगेट से तेजगढ़ी, डिग्गी तिराहे से काली नदी, जेलचुंगी चौराहे से कमिश्नरी आवास चौराहा, खैरनगर से घंटाघर, जेलचुंगी से सीताराम पुलिया और बिजली बंबा बाईपास पर रूट निर्धारित किया गया है।
खास बात
शहर में 25 रूटों पर लगाई गई सभी ट्रैफिक मोबाइल की ड्यूटी