स्मार्ट कैंट के 10 प्रोजेक्ट की होगी ब्रांडिंग
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
स्मार्ट कैंट प्रोजेक्ट के तहत शुरू हुए कामों की कैंट बोर्ड ब्रांडिंग करेगा। ऐसे 10 कामों को चिन्हित किया जा रहा है। कुछ नए काम भी शुरू करने की योजना है। गांधी बाग में तीन प्रोजेक्ट हैं। इसमें दो नए प्रोजेक्ट कांवड़ यात्रा के बाद शुरू होंगे। इसके लिए विभाग के बड़े अधिकारी को बुलाकर उद्घाटन और अवलोकन कराया जाएगा।
करीब एक साल से कैंट बोर्ड स्मार्ट कैंट प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है। इसके तहत कई काम शुरू हुए हैं तो कई पर काम चल रहा है। अब कैंट बोर्ड 10 प्रोजेक्ट की एक रिपोर्ट तैयार कर रहा है। इसमें कराए गए कामों का रिजल्ट तैयार किया जा रहा है। गांधी बाग में दो नए काम सीनियर सिटीजन कॉर्नर और योगा केंद्र जल्द शुरू होगा। कांवड़ यात्रा के दौरान गांधी बाग तीन दिन 19 से 21 जुलाई तक बंद रहेगा। इस बीच दोनों काम को फाइनल टच दे दिया जाएगा। बीते दिनों गांधी बाग में चिल्ड्रन पार्क का उद्घाटन किया गया था। नए काम में कैंट बोर्ड के पांचों स्कूल के छात्र-छात्राओं को निशुल्क एनसीईआरटी की किताबें दी जाएंगी। स्कूलों को अपग्रेड किया जा रहा है। सोलर एनर्जी के इस्तेमाल, स्ट्रीट लाइट में एलईडी, वॉटर एटीएम, सोलर ट्री आदि काम की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। कैंट बोर्ड की योजना यह है कि 10 बड़े और महत्वपूर्ण कामों का रेखांकित करना है। फिलहाल उद्घाटन और पुराने कामों के अवलोकन का काम कांवड़ यात्रा की वजह से टल गया है।
महीने के आखिरी में बोर्ड बैठक
कैंट की बोर्ड बैठक जुलाई के अंत में हो सकती है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। 21 जुलाई को शिवरात्रि है। इसके बाद बोर्ड बैठक होने की उम्मीद है। बैठक में कई नए प्रस्ताव आने हैं।
खास बातें===
गांधीबाग में तैयारी कर रहा कैंट बोर्ड, कांवड़ यात्रा के बाद होगा कार्यक्रम
स्मार्ट कैंट प्रोजेक्ट के तहत हुए नए कामों का प्रचार-प्रसार करेगा कैंट बोर्ड