प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गंगोह आगमन को लेकर पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। लगभग आठ सौ सुरक्षाकर्मी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात किए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूरी पर ही बेरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोका जाएगा।
सहारनपुर में शुक्रवार को गंगोह में मंडी स्थल पर लाभार्थी मेला कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तीन दिन से लगातार गंगोह में मंडी स्थल का दौरा कर रहे हैं। मंच एवं सभास्थल को तैयार कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खाका तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल एवं आसपास की सुरक्षा के लिए लगभग आठ सौ सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: यूपी: आज से 'प्रेरणा' एप पर तय होगी शिक्षकों की जवाबदेही, मुख्यमंत्री योगी करेंगे लॉन्च
एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चार अपर पुलिस अधीक्षक, दस पुलिस क्षेत्राधिकारी, 25 निरीक्षक, 126 उप निरीक्षक, नौ महिला उप निरीक्षक, 457 कांस्टेबल, 74 महिला कांस्टेबल, 30 यातायात कर्मी की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा एक कंपनी पीएसी की मांग की गई है। गुरुवार तक पीएसी मिलने की उम्मीद है।
वहीं कार्यक्रम स्थल की ओर आने वाले मार्गों पर लगभग एक किलोमीटर पहले ही बेरिकेडिंग लगाकर वाहनों को रोक दिया जाएगा। नानौता रोड पर लगभग आधा किलोमीटर पहले वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी। तीतरो रोड पर लगभग एक किलोमीटर पहले वाहनों को रोक दिया जाएगा और पार्किंग कराई जाएगी। जबकि नकुड़ की ओर लगभग एक किलोमीटर पहले बाईपास पर स्थित मंदिर के निकट वाहनों की पार्किंग कराई जाएगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/