नगर के व्यस्त मछली बाजार से आठ वर्षीय बालिका का ई-रिक्शा से अपहरण किया गया। सीसीटीवी कैमरे में अपहणर्ता बहला-फुसलाकर बालिका को ले जाता कैद हुआ है।
मोहल्ला मुगलूशाह निवासी रिक्शा चालक मो. आबिद की आठ वर्षीय पुत्री इल्मा अपनी बहन अल्फिशा के साथ बाजार गई थी।बुधवार को दोपहर लगभग एक बजे सरे बाजार एक व्यक्ति ने इल्मा को बहला-फुसलाकर ई- रिक्शा पर बैठा लिया। व्यक्ति ने उसकी बहन से कहा कि वह अभी वापस आएगी। कुछ समय प्रतीक्षा करने के बाद इल्मा की बहन अल्फिशा ने परिजनों को घटना की सूचना दी।परिजनों ने तत्काल बाजार जाकर बालिका को तलाशा लेकिन उसका पता नहीं लग सका।
परिजनों की सूचना पर थाना प्रभारी संजय शर्मा के निर्देश पर उप निरीक्षक आशीष तोमर और राजेंद्र राणा ने घटनास्थल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले। एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर गुलाबी फ्रॉक पहने इल्मा को रिक्शा पर बैठा था कैद हुआ है।
पुलिस ई-रिक्शा और बालिका को अपहृत कर ले जाने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।