संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। एसएसपी अविनाश पांडेय सोमवार को पुलिस बल के साथ बेगमपुल, हासिमपुरा चौकी, हापुड़ अड्डा, एल-ब्लॉक चौकी, बिजली बंबा चौकी और खरखौदा बाईपास समेत कई प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पहुंचे तथा चेकिंग अभियान की निगरानी की। पुलिस टीमों ने बिना नंबर प्लेट, बिना एचएसआरपी प्लेट, काली फिल्म लगी गाड़ियों, अवैध हूटर और फ्लैशर का इस्तेमाल करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान जिन वाहनों पर एचएसआरपी प्लेट नहीं लगी थी, उन्हें भविष्य में अनिवार्य रूप से प्लेट लगवाने के निर्देश दिए गए। ऐसे वाहनों को लाल रंग से चिह्नित भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा बिना एचएसआरपी प्लेट पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 788 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 83 वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस ने 4107 वाहनों और 6722 व्यक्तियों की जांच की गई। शहर के प्रमुख चौराहों पर देर शाम तक पुलिस की सक्रियता बनी रही। एसएसपी का कहना है कि प्रतिदिन पूरे शहर में चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।