बोर्ड बैठक में नगर के विकास की उठी मांग
हस्तिनापुर। बुधवार को नगर पंचायत में बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सभासदों द्वारा नगर के विकास की मांग उठाई गई एवं तीन प्रस्ताव पारित किए गए तथा सफाई कार्य में और अधिक तेजी लाए जाने की मांग की।
नगर पंचायत के नलकूपों के पानी में रेत आने की शिकायत करते हुए उसे सही कराने की मांग की। वार्डों में निर्माण कार्य कराने की मांग समेत अन्य मांगों पर भी विचार किया गया। चेयरमैन अरूण कुमार व ईओ निषाद मधुरमय ने निर्माण कार्य शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। वार्ड नं. तीन में ट्यूबवैल में पानी से रेत आ रहा है जिसके लिए वाटर सप्लाई को रिबोर कराया जाएगा। सभासद रोहित केन, रजनीश कर्णवाल ने कृषि विज्ञान केंद्र के दक्षिण दिशा की ओर मेन रोड से लीला के मकान तक रोड मरम्मत कराने की मांग की। नगर पंचायत द्वारा बिना प्रस्ताव के ई रिक्शा खरीदने को सभासदों ने सही नहीं बताया। अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पूर्व में बोर्ड बैठक में इसका प्रस्ताव किया गया था। बोर्ड बैठक में सभासद कमल सिंह, रजनीश कर्णवाल, प्रह्लाद, रोहित केन, कोमल, श्वेता, अमित, भारती, सुनील, सागर, देवव्रत आदि सहित नगर पंचायत कर्मचारी भी शामिल रहे।
खास बातें:
सभासदों ने बिना प्रस्ताव ई-रिक्शा खरीदना बताया गलत