12 हजार खाते में नहीं, तो करेंगे सफाई व्यवस्था ठप
मेरठ। आउट सोर्र्सिंग पर काम करने वाले 2215 सफाई कर्मचारियों को 12 हजार रुपये मासिक वेतन देने का प्रस्ताव पास किया था, इसी में पीएफ और ईएसआई शामिल था। लेकिन अब सफाई कर्मचारी ईएसआई और पीएफ से अलग 12 हजार रुपये खाते में देने की मांग कर रहे हैं। बोर्ड बैठक के दौरान सफाई कर्मचारी नेता राजू धवन, कैलाश चंदोला, विनेश विद्यार्थी, विनेश मनोठिया, दीपक मनोठिया के नेतृत्व में सफाई कर्मचारी सदन के बाहर टाउन हॉल में धरना प्रदर्शन करते रहे। सफाई कर्मचारी नेताओं ने कहा कि अगर नगर निगम प्रत्येक सफाई कर्मचारी के खाते में 12 हजार रुपये नहीं भेजता है, तो सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। इस दौरान सफाई कर्मचारियों ने महापौर की गाड़ी पर अपनी मांगों से जुड़ी तख्तियां भी लगा दीं। सदन से बाहर आईं महापौर को सफाई कर्मचारियों ने घेर लिया। हालांकि महापौर ने सफाई कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वह उनके साथ हैं।
पार्षद ने किया सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाने का विरोध, बताया जान का खतरा
बोर्ड फंड में धन की कमी और शहर के विकास को लेकर पार्षद धर्मवीर ने किसी भी कीमत पर आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को 12 हजार रुपये से अधिक वेतन न देने का प्रस्ताव रखा। कहा कि मुझे पता है कि इस प्रस्ताव के बाद सफाई कर्मचारी हमला कर सकते हैं, इसलिए मुझे पुलिस सुरक्षा दिलाई जाए। इस पर सदन के बाहर हंगामा कर रहे सफाई कर्मचारियों से पार्षद को बचाने के लिए पुलिस तैनात हो गई। साथ ही बराबर के गेट से पार्षद को सदन से बाहर निकालकर उनकी गाड़ी तक पहुंचाया गया।
वर्मी कंपोस्ट यूनिट के विरोध में उतरे दो पार्षद
पुराना कमेले पर नगर निगम की भूमि पर वर्मी कंपोस्ट यूनिट के विरोध में बसपा के पार्षद जुबेर और गफ्फार उतर आए। हालांकि अन्य पार्षद चुप्पी साधे रहे। पार्षदों ने वर्मी कंपोस्ट में दुर्गंध होने की बात कही। जबकि नगरायुक्त ने वर्मी कंपोस्ट में दुर्गंध न होने और बालिका इंटर कालेज के निकट चल रहे अवैध कारोबार से निकलने वाली दुर्गंध पर भी पार्षदों का ध्यान आकर्षित कराया।
ये प्रस्ताव भी हुए पास
- परतापुर में अलका तोमर की कुश्ती एकेडमी के लिए भूमि देंगे
- पार्षदों की सहमति पर होगा सफाई कर्मचारियों का स्थानांतरण
- श्मशान घाटों की करायी जाएगी चारदीवारी
- धार्मिक स्थलों पर रखी जाएंगी पानी की टंकी
- प्रत्येक वार्ड में 10-10 लाख के होंगे आकस्मिक कार्य
- नालों पर अतिक्रमण करने वालों पर लगेगा जुर्माना