मेरठ। एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने सोमवार को नर्सिंग कॉलेज के बाहर हंगामा किया। वह नर्सिंग कॉलेज के एक विद्यार्थी को धमकाने केलिए नर्सिंग कॉलेज पहुंचे। लेकिन उन्हें वहां प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस मामले में नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से इसकी लिखित शिकायत की है।
मेडिकल कॉलेज स्थित नर्सिंग कॉलेज के नोडल अधिकारी डॉ. दिनेश राणा ने बताया कि रविवार को नर्सिंग कॉलेज के कुछ विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के मैदान पर बैडमिंटन खेल रहे थे। इस दौरान मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस कर रहे द्वितीय वर्ष के छात्र वहां आए। खेलने को लेकर उनकी नर्सिंग कॉलेज के एक छात्र से कहासुनी हो गई। तब तो बात खत्म हो गई है। लेकिन सोमवार दोपहर करीब एमबीबीएस के करीब एक दर्जन विद्यार्थी जबरन नर्सिंग कॉलेज में घुसने की कोशिश करने लगे। वह उस विद्यार्थी को धमकाने आए थे जिससे उनकी रविवार को कहासुनी हुई थी। हालांकि वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्डों ने उन्हें नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश नहीं करने दिया। इसे लेकर उन्होंने हंगामा किया और वहां से चले गए। नर्सिंग कॉलेज के नोडल अधिकारी ने बताया कि प्राचार्य से इसकी शिकायत की गई है, उन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
खास बातें:
- करीब एक दर्जन एमबीबीएस स्टूडेंट पहुंचे नर्सिंग विद्यार्थी को धमकाने
- नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से की शिकायत