मेरठ। शासन द्वारा हर घर में विद्युत कनेक्शन देने की सौभाग्य योजना की समीक्षा बैठक में सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने निर्देश दिए कि विद्युत विभाग हर हाल में 15 अगस्त तक जनपद को योजना को सफल बनाए।
बचत भवन में आयोजित बैठक में सांसद ने कहा कि अधिकारी बेहतर कार्ययोजना बनाकर जिले के जर्जर तारों को बदलें। जिस भी क्षेत्र में विद्युत संबंधी कोई अव्यवस्था है, तो उसे तत्काल दुरुस्त कराएं। डार्क जोन में जो भी विद्युत कनेक्शन वितरित किए जाएं, उसमें पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ वितरित करें। सांसद ने कहा कि सामान्य परिवारों को भी संयोजन देते समय विद्युत किट उपलब्ध करायी जाएगी। लेकिन इसके एवज में 500 रुपये जोड़ दिए जाएंगे। जिसे 50 रुपये मासिक की दस समान किस्तों में बिल के साथ जोड़कर प्राप्त किया जाएगा। अधीक्षण अभियंता एवं सदस्य सचिव जिला विद्युत समिति अनिल कुमार सिंह ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, सत्यवीर त्यागी, रफ ीक अंसारी, परियोजना निदेशक भानु प्रताप सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत ग्रामीण एके सिंह, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अजय गर्ग, सांसद प्रतिनिधि हर्ष गोयल मौजूद रहे।