कंकरखेड़ा। हाईवे किनारे रात को खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया गया। हाईवे पर सड़क किनारे या ढाबे-होटलों के आसपास रात में खड़े होने वाले भारी वाहन हादसों का सबब बन रहे हैं। अक्सर अंधेरे या कोहरे में ये वाहन दिखाई नहीं देते। रोहटा रोड निवासी दो छात्रों की बाइक कोहरे में सड़क किनारे खड़े ट्रक में घुस गई थी, जिसमें दोनों छात्रों की मौत हो गई थी। एक सप्ताह में आठ लोगों की मौत सड़क किनारे खड़े वाहनों से टकराकर हो चुकी है।
अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया तो मंगलवार को इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा पीपी सिंह ने हाईवे पर पहुंचकर सड़क पर खड़े वाहनों को हटवाया। चेतावनी दी कि आगे से वाहन सड़क पर खड़ा किया तो कार्रवाई होगी। खड़ौली व शोभापुर स्थित होटलों व ढाबा संचालकों को थाने बुलाकर होटलों के सामने सड़क पर वाहन न खड़ा कराने के निर्देश दिए गए।