मेरठ। कैंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव ने मंगलवार को आबूलेन, सदर बाजार और बांबे बाजार में निरीक्षण किया। कई जगहों पर पानी की बर्बादी देखी गई। कुछ पानी के कनेक्शन काटे गए हैं। संपत्ति को अवैध तरीके से बेचने के मामले भी सामने आ रहे हैं। कैंट बोर्ड फुटपाथ को खाली कराने के लिए जल्द अभियान चलाएगा।
सीईओ का कहना है शिकायत रहती है कि कर्मचारियों की रिपोर्ट पर कार्रवाई की गई है। खुद जाकर बाजार में कई जगह चेक किया गया है। कई जगह नियमों कमी मिली है। चेतावनी के बावजूद दुकानों के बाहर अतिक्रमण है। फुटपाथ घेरे हुए हैं। पानी की बर्बादी हो रही है। जो ऐसा कर रहे हैं उनके पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। पावर ऑफ अटॉर्नी पर बिना कैंट बोर्ड की मंजूरी के संपत्ति खरीदी और बेची जा रही है। दुकान पर मालिकाना हक को लेकर कैंट बोर्ड ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। कुछ व्यापारियों ने जवाब दिया तो कुछ ने नहीं दिया। कई ने गलत जवाब दिए। इसमें अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अतिक्रमण के खिलाफ जल्द अभियान चलाया जाएगा।