मेरठ। शहर को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। मंगलवार को भी शहर में जाम के हालात बने रहे। स्कूलों की छुट्टी के दौरान सबसे ज्यादा जाम लग रहा है।
दोपहर एक से तीन बजे तक तो शहर में कई जगह सड़कें जाम नजर आई। मेट्रो प्लाजा से बेगमपुल तक सुबह 10:30 से ही रुक-रुककर जाम लगता रहा। दोपहर एक बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद जाम बढ़ता गया। ईदगाह चौराहे पर दोपहर ढाई बजे लंबा जाम लगा था। हालांकि यहां और घंटाघर तिराहे पर ट्रैफिक पुलिस जाम खुलवाने में लगी थी।
कचहरी के निकट कोऑपरेटिव चौराहे पर भी कई बार जाम के हालात बने। ईव्ज चौराहे और बेगमपुल पर भी जाम लगा था। बच्चा पार्क के आसपास के स्कूलों में अवकाश के दौरान वाहनों की भीड़ अधिक रही। उधर, सोमवार को अवकाश के बाद खैरनगर मार्केट खुलने पर भी यहां भीड़ अधिक थी। मार्केट में बीच सड़क पर ही बाइक और स्कूटर खड़ा करने से हालात और खराब हो गए और बाजार में जाम लगा रहा।
नो टेंपो जोन में दौड़ रहे आटो
बेगमपुल से हापुड़ अड्डे के बीच नो टेंपो जोन में खूब टेंपो दौड़ रहे थे। बेगमपुल और आसपास ही कई टेंपो थे। लेकिन उन्हें रोकने वाला कोई नहीं था। शहर में दौड़ रहे हजारों ऑटो जाम की बड़ी वजह हैं। लेकिन इनकी बढ़ती संख्या रोकने के लिए न तो यातायात पुलिस के पास कोई योजना है न ही परिवहन अधिकारियों के पास।
हाईवे पर जाम, रूट डायवर्ट हुआ
गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन के आखिरी दिन चारों बड़ी पार्टियों के मेयर प्रत्याशियों ने पर्चे भरे। उनके समर्थन में नवयुग मार्केट पहुंचे हजारों लोग और गाड़ियों के काफिले के कारण हापुड़ रोड पर सुबह से शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते आवासों के लिए बांटे जा रहे सर्वे फार्म लेने के लिए भी नवयुग मार्केट और जीडीए कार्यालय पर भारी भीड़ उमड़ी। इससे हापुड़ रोड, जीटी रोड व अंबेडकर रोड पर भी जाम की स्थिति बनी रही। जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया।
नामांकन प्रक्रिया के चलते गाजियाबाद-दिल्ली रोड पर दिन भर जाम रहा। हापुड़ चुंगी से हापुड़ मोड़ तक लगे जाम में फंसे लोगों का कहना था कि पुलिस की लापरवाही की वजह से उन्हें जाम का सामना करना पड़ा है। उधर, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सस्ते मकानों के लिए सर्वे फार्म लेने पहुंचे लोगों ने भी अपने वाहनों को पुराना बस अड्डा के पास सड़क पर ही खड़ा कर दिया। इससे अंबेडकर रोड, राजनगर एक्सटेंशन, होली चाइल्ड चौराहा और लाल कुआं पर जाम की स्थिति बन गई रही।
धुंध ने भी रोका रास्ता
हाईवे और शहर में धुंध होने से मंगलवार को विजिबिलिटी बेहद कम होने से वाहनों की गति धीमी हो गई। इसकी वजह से गाजियाबाद, नोएडा, दिल्ली जाने वाले लोगों को ऑफिस, कॉलेज पहुंचने में देरी हुई।
- दिन भर जाम से जूझते रहे शहर के चौराहे, लोग रहे हलकान