12 अक्तूबर से स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। कैलाश प्रकाश स्टेडियम में अखिल भारतीय खेलकूद एथलेटिक्स प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसका शुभारंभ 12 अक्तूबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। शनिवार को स्टेडियम पहुंचकर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री चेतन चौहान ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री ने प्रतियोगिता के दौरान ग्राउंड के भीतर बाहरी लोगों की एंट्री पूरी तरह से प्रतिबंधित करने की बात कही। वहीं कोच द्वारा हास्टल के कमरे कब्जाने पर मंत्री ने एक सप्ताह में खाली कराने के आदेश दिए।
चेतन चौहान ने बताया कि मेरठ में पहली बार इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें कई राज्यों से 1000 हजार से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। 12 से 16 अक्टूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य मंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। वहीं समापन केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौर द्वारा किया जाएगा। मंत्री ने एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी को सख्त हिदायत दी कि प्रतियोगिता के दौरान सड़कों व स्टेडियम के आसपास पर जाम नहीं होना चाहिए। वहीं प्रतिबंधित वाहन पर कंट्रोल करने की बात कही।
चौहान ने बताया कि खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा देने के लिए प्रदेश में तीन चिकित्सा सेंटर बनाएं जाएंगे, जिनमें लखनऊ, वाराणसी और मेरठ को चिह्नित किया गया है। मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को स्टेडियम परिसर व खिलाड़ियों के ठहरने के स्थान बाले राम ब्रजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर शास्त्रीनगर में साफ सफाई, पेयजल, मोबाइल शौचालय, प्रकाश व्यवस्था आदि भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी को चिकित्सा सुविधाओं के साथ डाक्टर की टीम, एंबुलेंस आदि का इंतजाम करने को कहा।
उन्होंने आरटीओ से कहा कि खिलाड़ियों को ठहरने के स्थान से स्टेडियम तक लाने व ले जाने वाली बसों की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी आले हैदर ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्या भारती के 150 निर्णायक सदस्य होंगे।
ये रहे मौजूद
इस दौरान एमडीए सचिव राज कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त आनंद कुमार शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राज कुमार, मुख्य अभियंता नगर निगम केबी वार्ष्णेय, एसीएम अरविंद कुमार सिंह, एआरटीओ श्वेता शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत एके वर्मा, अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार, भाजपा महानगर अध्यक्ष करुणेश नंदन, प्रतियोगिता के संयोजक विनोद कुमार अग्रवाल, सह संयोजक अरुण जिंदल, प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार शर्मा, तपन, क्रीड़ा भारती संयोजन जगत सिंह दोसा, नीरज कुमार, भाजपा के मंडल मीडिया प्रभारी आलोक सिसोदिया आदि मौजूद रहे।
खास बात
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे शुभारंभ, 16 को केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौर करेंगे समापन
एक हजार से अधिक खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग, खेल मंत्री ने की अधिकारियों के साथ बैठक