दो साल बाद धरा गया रेप का आरोपी
मेरठ। सदर बाजार पुलिस ने शनिवार रात भैसाली बस अड्डे के पास से पांच हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। जो एक युवती से दुष्कर्म करने के मामले में दो साल से फरार चल रहा था।
इंस्पेक्टर सदर बाजार पंकज पंत ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी सरताज पुत्र अब्दुल अजीज निवासी लक्खीपुरा थाना लिसाड़ी गेट है। सरताज ने दो साल पहले भैसाली बस अड्डा के सामने एक होटल में एक युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर दुष्कर्म किया था। जिसके बाद आरोपी युवती को बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने कई बार सरताज के घर दबिश दी। लेकिन वह फरार मिला था। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर आरोपी के घर की कुर्की की गई थी। शनिवार रात मुखबिर ने सूचना दी कि सरताज दिल्ली में नाम बदलकर रहने लगा है और दिल्ली जाने के लिए भैसाली अड्डा पहुंचा है। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
खास बात
- भैसाली बस अड्डा के सामने युवती से किया था दुष्कर्म
- घर की हो चुकी कुर्की, पांच हजार का था इनामी