मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में परीक्षा, मूल्यांकन और रिजल्ट सब काम एकसाथ चल रहा है। सत्र को पटरी पर लाने के लिए रिजल्ट घोषित करने में कुछ तेजी आई है। विवि का दावा है कि 30 जून तक वार्षिक परीक्षा प्रणाली के सभी रिजल्ट घोषित कर दिए जाएंगे। सेमेस्टर सिस्टर कोर्स के रिजल्ट 15 जुलाई तक घोषित करने की तैयारी है।
मेरठ और सहारनपुर मंडल के डिग्री कॉलेजों में ग्रेजुएशन में बात करें तो बीए फाइनल ईयर प्राइवेट छात्र-छात्राओं का रिजल्ट बचा है। यह तैयार हो चुका है। एक दो दिन में घोषित कर दिया जाएगा। आंकड़ों के लिहाज से यह सबसे बड़ा रिजल्ट होता है। 30 हजार से अधिक छात्रों का रिजल्ट है। रेग्युलर छात्रों का रिजल्ट घोषित किया जा चुका है। पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स का रिजल्ट भी आना शुरू हो गया है। विवि की योजना 30 जून तक वार्षिक प्रणाली के सभी कोर्स का रिजल्ट घोषित करना है। इसमें वह काफी हद तक कामयाब है। एलएलबी सेमेस्टर और पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में रेग्युलर छात्र-छात्राओं का सेमेस्टर सिस्टम है। इन कोर्स में मूल्यांकन कार्य शुरू हो चुका है। 15 जुलाई तक सेमेस्टर का भी रिजल्ट आने की संभावना है। रविवार को विवि ने एमए गणित प्रथम वर्ष प्राइवेट छात्रों का रिजल्ट घोषित किया। इनके अलावा बीए थर्ड ईयर रेग्युलर में कॉलेज कोड 088 और 131 का भी रिजल्ट घोषित किया गया। सोमवार को विवि की वेबसाइट पर उक्त रिजल्ट देखा जा सकता है।
खास बात
दो दिन में बीए फाइनल प्राइवेट का आएगा परिणाम
सेमेस्टर के रिजल्ट के लिए अभी करना होगा इंतजार