आरवीसी सेंटर व कॉलेज में चल रही घुड़सवारी की प्रतियोगिता में मंगलवार को 70 घोड़े क्रास कंट्री में अपना जलवा दिखाएंगे। देश के कोने-कोने से आए घुड़सवार भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। क्रास कंट्री के लिए टीम घोड़ों का निरीक्षण कर चुकी है। पिछले साल क्रास कंट्री में प्रतियोगिता के दौरान एक घोड़े की जान चली गई थी।
क्रास कंट्री में प्री नोविस और नोविस प्रतियोगिता सुबह साढ़े बजे से शुरू होगी। पहला घोड़ा मैदान पर ठीक साढ़े छह बजे छोड़ दिया जाएगा। एक के बाद 70 घोड़ों को दौड़ लगानी है और विभिन्न तरह की बाधाओं को पार करना है। यह काम रफ्तार और उछाल के साथ जिसने सबसे अच्छा किया, वही सिकंदर बनेगा।
तीन दिवसीय इवेंटिंग शुरू
सोमवार से आर्मी इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप और मेरठ हॉर्स शो में तीन दिवसीय इवेंटिंग प्रतियोगिता की शुरुआत हुई। प्रतियोगिता दो कैटेगरी प्री नोविस और नोविस में होगी। प्री नोविस में 54 और नोविस में 24 राइडर्स भाग ले रहे हैं। सोमवार को ड्रेसाज प्रतियोगिता हुई। आर्मी इकवेस्ट्रियन चैंपियनशिप आरवीसी के पी विश्वनाथ प्री नोविस कैटेगरी में सबसे आगे थे, मेरठ हॉर्स शो में फराज खान सबसे आगे चल रहे थे। नोविस कैटेगरी में आरवीसी के सवार अवधेश और एमस राठौर क्रमश: प्रतियोगिता में आगे चल रहे हैं।