दौराला। समौली गांव निवासी 70-80 ग्रामीणों के साथ गांव में ही सराफ की दुकान करने वाले ब्रह्मपुरी निवासी दुकानदार ने नकली जेवर बनाकर ठगी की। धोखे का अहसास होने पर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुकानदार को हिरासत में ले लिया।
गांव समौली निवासी मुनेश, राजेश, गीता, तेजपाल, ऊषा, विनोद, संतोष, तेजपाल, पिंकी आदि ने बताया कि उनके गांव में ब्रह्मपुरी निवासी एक व्यक्ति ने चार माह पहले सराफ की दुकान की। 70-80 लोगों ने दुकानदार से जेवर बनवाए। बताया कि जिन ग्रामीणों ने चांदी के जेवर बनवाए, दुकानदार ने उन्हें आर्टिफिशियल और जिन ग्रामीणों ने सोने के जेवर बनवाए उन्हें सोने का पानी चढ़े हुए जेवर दे दिए। ग्रामीणों को जब जेवर नकली होने की जानकारी हुई तो बृहस्पतिवार को वह एकत्रित होकर दुकान पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने फोन पर मामले की जानकारी दौराला पुलिस को दी। पुलिस गांव में पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने नकली जेवर कब्जे में लेकर दुकानदार को हिरासत में ले लिया। पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से अभी पूछताछ जारी है। लिखित शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।