दौराला-समौली मार्ग पर मैली पर फिसलने से बाइक सवार कई जख्मी
हाईवे पर सिवाया के समीप सड़क पार करते समय कैंटर की टक्कर से महिला घायल
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। क्षेत्र में बीती शाम हुई बारिश के बाद समौली मार्ग पर पड़ी मैली के चलते फिसलन हो गई। जिस पर एक के बाद एक करके कई बाइक फिसल गईं। जिसमें आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए। वहीं, हाईवे पर सिवाया गांव के समीप सड़क पार कर रही एक महिला को कैंटर चालक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई।
समौली मार्ग स्थित एक खेत में कुछ ठेकेदारों ने मैली से कम्पोस्ट बनाने का काम कर रखा है। जिस कारण ये ठेकेदार शुगर मिल से मैली लाकर खेत में डालते हैं। इस कारण पूरे मार्ग पर जगह-जगह मैली बिखरी हुई है। बीती रात हुई बारिश के बाद सड़क पर बिखरी मैली से फिसलन हो गई। जिस कारण यहां से गुजरने वाली बाइक एवं स्कूटर फिसलने लगे। इससे वहां आधा दर्जन से अधिक युवक घायल हो गए। इनमें गांव अख्त्यारपुर निवासी अजय, सिवाया निवासी रोशन व टिंकू, बंसीपुरा निवासी बॉबी, समौली निवासी जावेद, रिजवान और इकबाल समेत कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घायलों का समीप के अस्पताल में उपचार कराया गया। हालांकि अजय को अधिक चोट लगने पर कंकरखेड़ा के कैलाशी अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके अतिरिक्त गांव मवीमीरा निवासी हरप्यारी मोदीपुरम स्थित कृषि विवि में मजदूरी करती है। वह बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय आ रही थी। सिवाया गांव के समीप टेंपो से उतरकर हाईवे पार कर रही थी। इसी दौरान दौराला की ओर से आ रहे एक कैंटर ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर एकत्र लोगों ने उसे मोदीपुरम स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, घायल महिला के परिजनों ने दौराला थाने में तहरीर दी है।