अंकित की हत्या में भदौड़ा का शूटर गिरफ्तार
मेरठ/सरधना। भलसोना में पांच दिन पूर्व मां सीकरी देवी के मेले में सैदपुर निवासी अंकित की हत्या के मुख्य आरोपी सन्नी को मंगलवार सुबह मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने दबोच लिया। आरोपी योगेश भदौड़ा गैंग का शूटर बताया गया है। उस पर 25 हजार का इनाम था।
सरधना क्षेत्र के भलसोना गांव निवासी जोगेंद्र का भांजा अंकित (25) निवासी सैदपुर भोजपुर गाजियाबाद का निवासी था। पुलिस केे अनुसार अंकित की भलसोना निवासी सन्नी से गहरी दोस्ती थी। दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उसके बाद से वो एक-दूसरे के दुश्मन बन गए थे। हाल ही में दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसमें फायरिंग तक हुई। हालांकि पंचायत में मामले को निबटा दिया गया, लेकिन अंकित को सन्नी ने गांव छोड़ने का फरमान सुना दिया। कहा कि यदि भलसोना आया तो उसे जान से मार देगा। इसके बाद अंकित लखनऊ चला गया था। मां सीकरी देवी का मेला देखने के लिए शुक्रवार को सन्नी लखनऊ से सीधे मामा के घर पहुंचा। देररात मेले में बर्गर खाते समय उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
तीनों नामजद पर था 25-25 हजार का इनाम
थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि अंकित के भाई सन्नी पुत्र मित्रसैन ने आरोपी सन्नी पुत्र ओमवीर, गुड्डन पुत्र ओमबीर और कुलदीप पुत्र चंद्रपाल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। तीनों हत्यारोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम था। मंगलवार सुबह मुजफ्फरनगर जीआरपी पुलिस ने चेकिंग के दौरान सन्नी को तमंचा समेत पकड़ लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने जीआरपी पहुंचकर सन्नी से पूछताछ की है। जल्द ही फरार दोनो हत्यारोपियों को भी पकड़ा जाएगा।