- एएआई, जूम एयरवेज, नागरिक उड्डयन विभाग के प्रतिनिधि रहेंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। मेरठ से हवाई उड़ान के लिए परतापुर स्थित हवाई पट्टी की स्थिति का आकलन करने के लिए आज तीन विभागों की संयुक्त टीम दौरा करेगी।
केंद्र सरकार की रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत हवाई उड़ान योजना में मेरठ का चयन हो चुका है। यहां से प्रयागराज और लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होगी। इसके लिए जूम एयरवेज के साथ एएआई ने समझौता किया है। इस हवाई उड़ान को अमलीजामा पहनाने के लिए डॉ. भीमराव आंबेडकर हवाई पट्टी का विस्तार करने के साथ हवाई पट्टी पर अन्य संसाधन तैयार होने है। जिसके लिए बुधवार को एएआई, डीजीसीए और जूम एयरवेज की संयुक्त तकनीकी और वित्तीय टीम हवाई पट्टी का निरीक्षण करने आ रही है।
एएआई सूत्रों के अनुसार यह टीम हवाई पट्टी को उड़ान के लिए तैयार करने में आने वाली लागत के साथ ही उपलब्ध जमीन और कितनी जमीन की आवश्यकता है, इसका सर्वे करेगी। इस टीम के साथ स्थानीय प्रशासन के प्रतिनिधि के रूप में तहसीलदार और लेखपाल मौजूद रहेंगे।
रिपोर्ट तैयार होने के बाद शुरू होगा काम
इस संयुक्त टीम की रिपोर्ट के बाद जमीन के लिए जहां प्रदेश सरकार पैसा जारी करके जमीन उपलब्ध कराएगी। वहीं एएआई हवाई उड़ान के लिए रनवे का विस्तार, कंट्रोल रूम, टर्मिनल आदि का निर्माण कार्य कराएगी। जबकि फिलहाल सुरक्षा और चिकित्सा का जिम्मा स्थानीय प्रशासन का रहेगा। जिसमें सुरक्षा बल के साथ फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस आदि की उपलब्धता करानी होगी। उम्मीद की जा रही है कि यदि तेजी से काम हुआ तो छह माह के भीतर यहां से हवाई उड़ान शुरू हो जाएगी।