12 घंटे तक गुल रही दो लाख लोगों की बत्ती, मचा हाहाकार
मेरठ। शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर डैमेज हुई 33 केवी की डबल सर्किट लाइन से शहर के चार बिजलीघरों की बिजली ठप हो गई। इसके चलते 12 घंटे तक करीब दो लाख लोगों को बिजली नहीं मिल सकी। गर्मी में लोगों का बिना बिजली के बुरा हाल हो गया। सुबह को पीने का पानी भी नहीं मिल सका। सुबह चार बजे गई बिजली शाम चार बजे तक सामान्य हो सकी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे दिल्ली रोड स्थित शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर किसी ट्रक ने 33 केवी लाइन की डबल सर्किट लाइन के पोल में टक्कर मार दी। इससे शारदा रोड, हापुड़ रोड, टाउन हाल और पीएल शर्मा बिजलीघर को हो रही बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलने के बाद कर्मचारियों ने लाइन की पेट्रोलिंग शुरू की तो शॉप्रिक्स स्थित लाइन डैमेज मिली। इसके बाद लाइन को ठीक करने का काम शुरू किया गया। बिजली और पानी नहीं मिलने से शारदा रोड, हापुड़ रोड, घंटाघर और पीएल शर्मा बिजलीघर क्षेत्र के लोग बिलबिला उठे। सुबह चार बजे गई बिजली का मैसेज आठ बजे लोगों के मोबाइल पर पहुंचा। मैसेज में दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति दुरुस्त होने की जानकारी दी गई। लेकिन जब दोपहर 12 बजे तक भी बिजली नहीं आई तो लोगों के सब्र का बांध टूट गया। काफी लोग टाउन हाल और पीएल शर्मा बिजलीघर पर पहुंच गए। यहां पता लगा कि फाल्ट बड़ा है उसे ठीक किया जा रहा है। बिजली नहीं मिलने से लोगों के इंवर्टर जवाब दे गए। शाम चार बजे डैमेज लाइन को दुरुस्त करके बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी। अधीक्षण अभियंता शहर संजीव राणा ने बताया कि शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर पोल टूटने से 33 केवी डबल सर्किट लाइन डैमेज हो गई थी। इसके चलते चार बिजलीघर बंद हो गए थे। शाम चार बजे तक सभी जगह की बिजली आपूर्ति बहाल करा दी थी।
खास बातें:
- शॉप्रिक्स मॉल चौराहे पर ट्रक की टक्कर से क्षतिग्रस्त हो गई थी डबल सर्किट 33 केवी लाइन
- लाइन डैमेज होने से चार बिजलीघरों की आपूर्ति हुई ठप, सुबह चार बजे से शाम चार बजे तक बंद रही बिजली