मेरठ। मेडिकल अस्पताल में मंगलवार को विवाद के चलते दो घंटे तक फार्मेसी बंद रहने का मामला बुधवार को फिर तूल पकड़ गया। एक आरटीआई एक्टिविस्ट रविकांत ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ट्वीट कर कार्रवाई की मांग कर दी। वहीं, मेडिकल में बुधवार को भी कर्मचारी को धमकाने का मामला सामने आया है।
बुधवार को राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिला संयोजक रवि शंकर शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे इंडोर रजिस्ट्रेशन काउंटर पर बाहरी व्यक्ति ने कर्मचारी यदुवीर सिंह के साथ गालीगलौज की और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। कहा कि इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी एसोसिएशन कमिश्नर और मंत्री आशुतोष टंडन से 18 फरवरी को शिकायत करेगा। इस संबंध में डीजी चिकित्सा शिक्षा से भी वार्ता की जाएगी। वहीं, प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजीत चौधरी का कहना है कि शिकायत की जांच कराई जा रही है। मंगलवार को मेडिकल अस्पताल में कर्मचारियों और तीमारदारों में आपस में विवाद होने के चलते करीब दो घंटे तक फार्मेसी बंद रही थी। मरीजों को दवाई तक नहीं मिल पाई थी।
- कर्मचारी से अभद्रता करने का आरोप, मेडिकल में कल दो घंटे बंद रही थी फार्मेसी