मेरठ। शहर के लिए चुनौती बनी ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की जिम्मेदारी एसएसपी मंजिल सैनी दहल ने ले ली है। बुधवार को यातायात माह के शुभारंभ के दौरान उन्होंने करीब एक घंटे तक ट्रैफिक व्यवस्था पर मंथन किया। इस दौरान एसएसपी ने नया ट्रैफिक प्लान भी जारी किया। बताया कि यह प्लान जाम से निजात दिलाने के साथ हादसे रोकने में कामयाब साबित हो सकता है।
शहर में रोजाना का जाम और भारी वाहनों की एंट्री को लेकर अमर उजाला लगातार अभियान चला रहा है। आधे से अधिक शहर में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नो एंट्री नहीं है। जिसके कारण भारी वाहन जाम का सबसे बड़ा कारण बने है। एसएसपी ने टीएसआई, टीआई, सीओ और एसपी ट्रैफिक से जाम और भारी वाहनों पर जवाब भी मांगा।
जाम के जिम्मेदार कट होंगे बंद
1. बेगमपुल चौराहे पर पीएल शर्मा मार्केट की तरफ कट
2. दिल्ली रोड पर मंडी गेट के सामने कट
3. खिर्वा रोड बाईपास चौराहे पर कट
4. अतुल माहेश्वरी सेतु से शहर की ओर पूर्वी छोर पर मंडी गेट के निकट कट
5. एचआरएस चौक (फुटबाल चौराहा) के पास कट
6. हापुड़ अड्डे पर पहलवान होटल के सामने सूर्या प्लाजा के सामने कट
7. थापर नगर की तरफ रोडवेज के पास छोटा कट
8. कैंटोमेंट अस्पताल की पश्चिमी दीवार के पास वाला कट
9. जीआईसी मैदान के गेट के सामने डिवाइडर तोड़कर बनाया गया कट
10. इंदिरा तिराहा, भोला रोड बाईपास और एनएच-58 पर बना श्रद्धापुरी के पास का कट
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर वन-वे ट्रैफिक
एसएसपी ने बताया कि कुछ स्थानों पर ज्यादा जाम रहता है। छीपी टैंक स्थित शिव चौक से लायल बुक डिपो तक, शिव चौक से एनएएस कॉलेज की तरफ स्कूलों की छुट्टी के समय और पीएल शर्मा रोड पर भी वन-वे व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं। वेस्ट एंड रोड पर स्कूलों की छुट्टी के समय और खैरनगर बाजार से लेकर सीओ ब्रह्मपुरी के पुराने ऑफिस तक भी वन-वे ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है।
बुढ़ाना गेट और घंटाघर बड़ी समस्या:
शहर में बुढ़ाना गेट चौराहा और एसपी सिटी कार्यालय के सामने जाम की बड़ी समस्या है। यहां डिवाइडर व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण जाम लगता है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस और थाना पुलिस के लिए जाम खुलवाना मुसीबत रहता है। इन दोनों स्थानों पर डिवाइडर के स्थान पर अस्थायी बैरियर लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
चार के बजाय नौ चौराहे
भारी वाहन शहर के लिए बड़ी समस्या हैं। शहर में सुबह छह बजे से रात दस बजे तक चार चौराहों बेगमपुल, रेलवे रोड चौराहा, हापुड़ अड्डा और गांधी आश्रम चौराहे पर नो एंट्री रहती है। जबकि इसके विपरीत नौ चौराहों जीरो माइल, कमिश्नरी आवास चौराहा, जेलचुंगी, तेजगढ़ी, पीवीएस, शास्त्रीनगर एल ब्लॉक, बागपत अड्डा, मंडी गेट और दिल्ली चुंगी पर भारी वाहन दौड़ते हैं। शामली, मुजफ्फरनगर, हरिद्वार की तरफ से आने वाले भारी वाहन जो जीरो माइल से कमिश्नरी आवास चौराहा के रास्ते विवि रोड व शास्त्रीनगर से जाते हैं, उन्हें रोकने के लिए भी मंथन किया गया है। पुलिस नो एंट्री लागू कर शहर से बाहर भारी वाहनों को रोकने की तैयारी करेगी।
खास बात
- पुलिस अफसरों ने माना कि शहर में यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती
- यातायात माह के शुभारंभ के बाद एसएसपी ने अपने हाथ में ली ट्रैफिक की जिम्मेदारी
- प्रत्येक दिन की जाएगी यातायात व्यवस्था की समीक्षा