तीन और चार जून को दो पालियों में सीसीटीवी की निगरानी में होगा पेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा टीजीटी शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 3 एवं 4 जून को दो पालियों में सीसीटीवी की निगरानी में होगा। जिले में 37 केंद्रों पर 54,910 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार के अनुसार जनपद में कुल 37 परीक्षा केंद्रों में 6 डिग्री कॉलेज और 31 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। परीक्षा दोनों दिनों में पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
तीन जून को प्रथम पाली में 16,032 तथा द्वितीय पाली में 12,115 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। चार जून को प्रथम पाली में 17,419 और द्वितीय पाली में 9,344 अभ्यर्थी शामिल होंगे। केंद्र व्यवस्थापक के रूप में संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य अथवा वरिष्ठ अध्यापक कार्य करेंगे। सभी केंद्रों पर 50 प्रतिशत बाह्य कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की गई है। सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक में दिशा-निर्देश प्रशासन द्वारा दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गोपनीय प्रश्न-पत्रों को पुलिस अभिरक्षा में कोषागार में सुरक्षित रखा जाएगा।