नंगली साहिब मंदिर में इंजीनियर को पीटा
दौराला। नंगली आजड़ गांव स्थित नंगली साहिब मंदिर में लिफ्ट लगा रहे एक इंजीनियर को दो युवकों ने देर रात जमकर पीटा। पुलिस ने आरोपियों समेत पीड़ित को थाने में बैठा लिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।
जिला पानीपत के कस्बा मढलौहाड़ा निवासी रविंद्र कुमार मेनटन एलिवेटा कंपनी में इंजीनियर है। वह कई दिन से कर्मचारियों के साथ मिलकर नगंली आजड़ गांव स्थित नंगली साहिब मंदिर में लिफ्ट लगा रहे हैं। रविंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार देर रात उनके साथ काम कर रहे कर्मचारी दिल्ली कबीर नगर निवासी संदीप एवं द्वारिका निवासी नंदकिशोर शराब पीकर अभद्रता करने लगे। इंजीनियर रविंद्र कुमार ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट कर दी। जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर मंदिर के सेवादार मौके पर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपियों समेत पीडित को भी हिरासत में ले लिया है।