अमर उजाला ब्यूरो
मवाना। शिक्षा विभाग ने गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बुधवार को एबीएसए के नेतृत्व में टीम ने दो स्कूलों में छापेमारी की। इनमें एक स्कूल बिना मान्यता के चलता मिला। एबीएसए ने स्कूल का संचालन बंद करने के निर्देश दिए हैं।
एबीएसए मवाना ध्यानचंद ने बताया कि बुधवार को वह एनपीआरसी अरुण कुमार, अनवर अहमद, नरेंद्र सिंह व लक्ष्मण सिंह के साथ सबसे पहले भैंसा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने शोबान पब्लिक स्कूल में छापेमारी की। उन्होंने स्कूल संचालक से कागज दिखाने के लिए कहा, लेकिन संचालक कागज नहीं दिखा सके। इस पर उन्होंने तत्काल स्कूल का संचालन बंद करने के निर्देश दिए। चेतावनी दी कि यदि स्कूल बिना मान्यता के चलता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी। छापेमारी के दौरान स्कूल में लगभग 126 बच्चे पढ़ रहे थे। संचालक ने एबीएसए को मान्यता न मिलने तक स्कूल न चलाने का लिखित में आश्वासन दिया। इसके बाद टीम निलौहा गांव स्थित नवजीवन शिशु प्राथमिक पाठशाला में पहुंचे। यहां बिना मान्यता के कक्षा 6 व 7 चलने की शिकायत विभाग को मिली थी, लेकिन छापेमारी के दौरान उन्हें ऐसा कुछ नहीं मिला। स्कूल के पास कक्षा 5 तक की मान्यता थी। जिस पर टीम यहां से लौट आई। एबीएसए ध्यानचंद का कहना है कि आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। जल्द ही अन्य स्कूलों में भी छापेमारी कर कार्रवाई की जाएगी।