- पीवीवीएनएल एमडी ने कटे कनेक्शन का बकाया कम करने वाले एसडीओ पर गिराई गाज
मेरठ। पीवीवीएनएल एमडी आशुतोष निरंजन ने पूर्व में काटे गए बड़े बकायेदार उपभोक्ताओं के कनेक्शनों की बकाया राशि कम करके सरचार्ज समाधान योजना का लाभ दिलाकर विभाग को वित्तीय घाटा पहुंचाने वाले किठौर उपखंड के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार को निलंबित कर दिया है। साथ ही मुख्यालय स्तर से जांच कमेटी गठित की है जो जांच की जद में आए ऐसे सभी कनेक्शनों की जांच करेगी।
आशुतोष निरंजन ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा ऐसे 27 कनेक्शनों की शिकायत की गई थी जो बड़े बकाये में काटे गए थे और अब इनकी बकाया राशि कम करके इन्हें सरचार्ज समाधान योजना का लाभ दे दिया गया। मामले की जांच कराई गई तो यह सही निकली। इन कनेक्शनों में गड़बड़झाला एसडीओ धर्मेंद्र कुमार यूजर आईडी के जरिये किया गया है। कर्तव्य एवं दायित्व के निर्वहन में लापरवाही बरतने तथा कर्मचारी आचरण नियमावली में उल्लिखित प्रावधानों का अनुपालन नहीं करने के लिए प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया। मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर से कमेटी गठित की गई है। भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।