थीम पार्क के लिए शुरू हुई जमीन की तलाश
मेरठ। सरकार की प्रदेश के बड़े शहरों में थीम पार्क बनाने की योजना मेरठ में परवान नहीं चढ़ पा रही है। अब इस योजना के तहत शासन से पत्र आने के बाद एक बार फिर से जमीन की तलाश शुरू हो गई है। जिसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने जमीन उपलब्ध कराने के लिए तहसील, नगर निगम और एमडीए को पत्र जारी किया है।
प्रदेश सरकार ने थीम पार्क बनाने की योजना बनाई थी। जिसमें किसी थीम पर पार्क को विकसित करना था। इसका उद्देश्य मनोरंजन, स्वास्थ्य के साथ मानसिक विकास भी था। मेरठ में पहले ट्रैफिक सिस्टम की थीम पर पार्क डेवलप करने की योजना तैयार हुई थी। जिसमें गंगानगर के सीपी पॉकेट में जगह चिह्नित कर काफी मंथन हुआ था। लेकिन बाद में यह योजना खटाई में पड़ गई। इसके बाद इस थीम पार्क के लिए वेदव्यासपुरी और लोहिया नगर में जगह की तलाश हुई, लेकिन परवान नहीं चढ़ पाई और योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया।
वहीं दूसरी तरफ वाराणसी और आगरा जैसे जनपदों में इस योजना पर काम शुरू होने के बाद शासन फिर से हरकत में आया और मेरठ प्रशासन को पत्र जारी किया। सूत्रों के अनुसार मेरठ क्योंकि क्रांतिधरा है तो यहां पर अब थीम पार्क के लिए क्रांति के इतिहास या मेरठ को पहचान देने वाले स्पोर्ट्स इंडस्ट्री, सराफा कारोबार या कैंची आदि उद्योग की थीम पर भी पार्क को डेवलप किया जा सकता है। इस पार्क के लिए पांच एकड़ से बीस एकड़ तक जमीन की जरूरत होगी। जिसके लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रामचंद्र ने एमडीए, नगर निगम और तहसील सदर को पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने थीम पार्क के लिए जगह की तलाश करते हुए उसे योजना के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराने को कहा है।