जल्द ही कैमरों की निगरानी में होगा शहर
मेरठ। जल्द ही शहर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा। शहर में 34 स्थानों पर एक कंपनी ने कैमरे लगाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस लाइन में ट्रैफिक का अलग कंट्रोल रूम भी 15 फरवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। कैमरे लगने से यातायात व्यवस्था भी कंट्रोल रूम से ही देखी जा सकेगी।
पुलिस के उच्च अधिकारी लगातार शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने की कोशिश कर रहे हैं। 15 दिन पहले एसएसपी मंजिल सैनी के निर्देश पर पुलिस लाइन में ट्रैफिक का अलग कंट्रोल का निर्माण शुरू किया गया था। एसपी ट्रैफिक संजीव बाजपेयी का कहना है कि कंट्रोल रूम में अधिकांश काम पूरा हो चुका है। पुलिस लाइन, सर्किट हाउस गेट, कमिश्नरी आवास चौराहा, जेलचुंगी, तेजगढ़ी चौराहा, मेडिकल कॉलेज, शास्त्रीनगर एल ब्लाक, बिजली बंबा चौकी, हापुड़ अड्डा चौराहा, भूमिया का पुल रोड, ब्रह्मपुरी, बच्चा पार्क, ईव्ज चौराहा, जीरो माइल, रुड़की रोड, मोदीपुरम तिराहा, कंकरखेड़ा, परतापुर, रिठानी, सीओ ब्रह्मपुरी ऑफिस, घंटाघर, रेलवे रोड चौराहा, फुटबाल चौक, बागपत रोड समेत 34 स्थानों पर प्रथम चरण में सीसी टीवी कैमरे का काम चल रहा है। कैमरे 16 मेगा पिक्सल से 24 मेगा पिक्सल तक के हैं। एक स्थान पर चार कैमरे और एक ड्रोन कैमरा लगाया जा रहा है। ड्रोन कैमरा चारों तरफ घूमता रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कैमरे उच्च क्वालिटी के हैं। जिनसे रात में भी वाहनों का नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई पड़ सकेगा।
पुराने कैमरों से भी जोड़ा जाएगा
एसपी ट्रैफिक का कहना है कि शहर में जिन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। उनका कंट्रोल रूम भी पुलिस लाइन में सिटी कंट्रोल रूम में है। बाद में सभी को आपस में जोड़ दिया जाएगा। कैमरे लगने से अपराध की घटनाओं के खुलासे के लिए भी पुलिस को मदद मिलेगी।