रिटर्न भरने में हो रही परेशानी
मेरठ। टैक्स बार एसोसिएशन ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर जीएसटी पोर्टल पर रिटर्न दाखिल करने में आ रही दिक्कतों के बारे में बताया है।
उनका कहना है कि जीएसटीआर 3बी, जीएसटीआर-4 और जीएसटीआर-1 दाखिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिस कारण ये रिटर्न समय से दाखिल करना संभव नहीं हो पा रहा है। रिटर्न भरने पर एरर आ रहे हैं। इस समस्या का निराकरण हेल्प डेस्क के पास भी नहीं है। इनका निराकरण कब होगा, इसका कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं मिल रहा है। इससे मानसिक शोषण हो रहा है। लिहाजा उन्होंने निवेदन किया है कि जीएसटीएन पोर्टल सुचारू चलाने की कोशिश करें और मार्च 2018 तक दाखिल की जाने वाली सभी जीएसटीआर पर किसी भी प्रकार का विलम्ब शुल्क (लेट फी, पेनल्टी) न लगाए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया जाए।
बैंक खाते सीज करने पर जताया विरोध
मेरठ। अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी परिवहन निगम की अनुबंधित बसों के मालिकों केसाथ मंगलवार को वाणिज्य कर के एडिशनल कमिश्नर से मिले। उन्होंने परिवहन निगम से अनुबंधित बस मालिकों के बैंक खाते सीज कर खातों से रुपये निकालने की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कहा कि वाणिज्य कर के वाद न्यायालय में लंबित हैं, लेकिन विभाग ने जल्दबाजी करते हुए खाते सीज किए हैं, जो न्यायहित में उचित नहीं हैं। नोटिस भी नहीं दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अनुबंधित बस ऑनर्स एसोसिएशन इस संबंध में हाईकोर्ट जाएगी। इस दौरान अध्यक्ष प्रदीप सिंह, रामफल सिंह, राजेंद्र पुंडीर, मनीष गौड, राशिद, महेंद्र जैन, सुरेंद्र जैन, देवेंद्र गुप्ता, अशोक चौधरी, राजेश और गौरव आदि रहे।
खास बात
टैक्स बार एसोसिएशन ने वित्तमंत्री को लिखा पत्र