मेरठ। देहली गेट पुलिस ने सोमवार को खैरनगर में जानलेवा चाइनीज मांझा बिकता पकड़ा। एक दुकानदार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद गोलाकुआं पर थोक में चाइनीज मांझा बेचने की सूचना पर छापा मारा गया। लेकिन व्यापारी दुकान बंद कर फरार हो गए।
एसओ देहली गेट विजय गुप्ता ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने खैरनगर में पांच दुकानों पर छापा मारा। जिसमें एक दुकान में काफी मात्रा में चाइनीज मांझा मिला। पुलिस ने मांझे को कब्जे में लेकर दुकानदार को हिरासत में लिया है। एसओ के अनुसार चाइनीज मांझे की बिक्री पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई हुई है। इस मांझे से कई लोगों की मौत तक हो चुकी है। प्रतिबंध होने के बावजूद शहर में कई जगह चाइनीज मांझा बेचा जा रहा है। दुकानदार ने पूछताछ में कई लोगों के नाम बताए, जोकि गोला कुआं, लिसाड़ी गेट से थोक में चाइनीज मांझा खरीदकर लाते है। पुलिस ने दुकानदार की निशानदेही पर कई जगहों पर दबिश दी। एसओ का कहना कि मामले में केस दर्ज कर लिया है। दुकानदार से पूछताछ चल रही है।