बिजनौर। शास्त्री चौक पर गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। गन्ने के नीचे एक बालिका सहित तीन लोग दब गए। पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों की मदद से गन्ना हटवाया। लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य दोनों को मामूली चोट लगी थी। एसपी प्रभाकर चौधरी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
शनिवार रात करीब नौ बजे एक किसान गन्ना लेकर बिजनौर शुगर मिल में जा रहा था। शास्त्री चौक पर एसआरएस के सामने कुछ लोगों ने अपने वाहन सड़क की ओर पार्क कर रखे थे। किसान ने अपनी ट्रैक्टर ट्राली दायीं ओर बचाने की कोशिश की तो ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गई बायीं ओर पलट गई। ट्राली में गन्ने पर बंधी रस्सी भी टूट गई और गन्ना सड़क पर एकदम से फैलते हुए गिर गया। मौके पर मौजूद कुछ लोग गन्ने के नीचे दब गए। पुलिस और मौके पर मौजूद लोग तुरंत ही गन्ना हटाने लगे। गन्ने के नीचे एसआरएस में काम करने वाला एक युवक मोहल्ला राम बाग घेर निवासी 23 वर्षीय अरुण, चिकित्सक डा.एचएस चौहान व 12 साल की मुस्कान दबे थे। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरुण को मृत घोषित कर दिया। वहीं सड़क पर पड़े गन्ने को पुलिसकर्मियों व लोगों ने खुद उठाकर सड़क के दूसरी ओर रखा। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है।