अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ।
उत्कल एक्सप्रेस हादसे में 14 रेल कर्मियों की बर्खास्तगी को लेकर रेल कर्मियों में रोष है। सोमवार को एआईआरएफ व एनआरएमयू के महामंत्री कामरेड शिव गोपाल मिश्रा के आह्वान पर एनआरएमयू ने सैकड़ों रेल कर्मियों के साथ सिटी स्टेशन पर काला दिवस मनाया।
एनआरएमयू के शाखा सचिव सुभाष चंद्र शर्मा के नेतृत्व में रेल कर्मी यूूनियन आफिस पर एकत्रित हुए और यहां से जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए सिटी स्टेशन पर पहुंचे। सुभाष चंद शर्मा ने कहा कि खतौली में हुए उत्कल एक्सप्रेस हादसे में रेलवे ने एक्ट की धारा 14 (2) का खुला उल्लंघन करते हुए 14 कर्मचारियों को बिना उनका पक्ष जाने ही बर्खास्त कर सेवा से बाहर कर दिया है। विभाग में इस धारा का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है। सभी रेल कर्मी हादसे में मारे गए लोगों के प्रति सहानुभूति रखते हैं। कामरेड विजय कांत शर्मा ने कहा कि वे मानते है रेल कर्मियों को अपना कार्य नियमों के तहत करना चाहिए और वे करते भी हैं। लेकिन जांच दल को इतनी बड़ी कार्रवाई करने से पहले कर्मचारियों का पक्ष जान लेना चाहिए थे। अगर बर्खास्तगी को वापस नहीं लिया गया तो कर्मचारी आंदोलन को मजबूर होंगे। इसके बाद हाथ में काली पट्टी बांधकर सभी कर्मचारियों ने सिटी स्टेशन पर जुलूस निकाला और नारेबाजी की। इस मौके पर आरके गौड़, अजेंद्र सिंह, कामरेड आरपी शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया। आरपी सिंह, शिवनारायण, राजीव कुमार, साजिद, किशन पाल, भानू प्रताप, परविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
खास बात
14 कर्मचारियों को बर्खास्त करने को लेकर कर्मियों में है रोष, मनाया काला दिवस