सड़क हादसे में महिला की मौत, पति गंभीर
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर सोमवार सुबह कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। वहीं महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। दस मिनट तक घायल तड़पते रहे। सूचना पर पहुंची परतापुर पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवाया।
मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी गांव निवासी सुशील कुमार बिजली मैकेनिक है। सोमवार सुबह सुशील अपनी पत्नी ऊषा (40) के साथ बाइक से मेडिकल कॉलेज आ रहा था। परतापुर थाना क्षेत्र में नूर नगर हाल्ट के पास एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे दंपति सड़क पर दूर जा गिरे। बाइक पर बैठी महिला का सिर भी सड़क में जाकर लगा। कुछ दूरी पर चालक ने कार रोक ली। सड़क पर पति पत्नी को पड़ा देखकर वाहन चालक रुक गये। इस दौरान दोनों तड़पते रहे और मौके पर मौजूद लोग पुलिस को फोन करते रहे। बाद में यूपी 100 की गाड़ी और परतापुर पुलिस भी पहुंची। पुलिस घायलों को हापुड़ रोड स्थित एक निजी हॉस्पिटल में लेकर पहुंची। जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत का पता चलते ही परिवार में कोहराम मच गया, आनन फानन में परिजन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला के शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी भेज दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पहले कार पकड़ी गई थी लेकिन बाद में पुलिस ने छोड़ दिया।
परिजनों का मोर्चरी पर रोकर बुरा हाल
महिला के एक बेटा गौरव और दो बेटी काजल व आकांक्षा हैं। मोर्चरी पर बेटी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों का कहना है कि सुशील की भी हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के वक्त सुशील ने हेलमेच पहना था।
खास बात
परतापुर थाना क्षेत्र में बिजली बंबा बाईपास पर कार ने मारी बाइक में टक्कर