गोले की कीमतें बढ़ने से महंगा होगा दूज का तिलक
मेरठ। भैयादूज पर गोले भी महंगे हो गए। आज भैयादूज पर भाई-भतीजों को तिलक करने के बाद बहनों को गोला देने के लिए 20 से 25 रुपये अतिरिक्त देने पड़ेंगे। पिछले साल के मुकाबले गोले की कीमतों में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। बाजार में गोले का भाव 200 से 220 रुपये किलो तक चल रहा है। जो पिछले वर्ष 180 से 185 तक था।
भाईदूज पर बहनें भाई की लंबी आयु के लिए भाई के ललाट पर रोली-चावल का टीका लगाती हैं। तिलक के बाद भाई को उपहार के साथ गोला देने की परंपरा है। शहर की किराना दुकानों पर गोले का भाव 200 से 220 रुपये किलो चल रहा है। कारोबारियों के अनुसार एक गोला सौ से सवा सौ ग्राम वजन का होता है। कुछ परिवारों में एक तो कुछ परिवारों में दो गोले देने की परंपरा है। इस तरह लगभग आठ से दस लाख गोले भाईदूज पर बिकते हैं। कीमतें बढ़ने के कारण बहनें हल्के वजन की गोलों की मांग कर रही हैं। अच्छी गुणवत्ता का गोला 220 रुपये कीमत तक है, हल्की क्वालिटी में 190 रुपये तक कीमत है। शहर के थोक गोला व्यापारियों के अनुसार भाईदूज पर करीब 25 हजार किलोग्राम गोला बिक जाता है। जिसकी औसतन कीमत करीब 50 लाख रुपये बैठती है।
महंगा हो गोला
पिछले साल के मुकाबले गोले की कीमतों में 25 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। दाम बढ़ने से गोले की बिक्री भी सुस्त नजर आ रही है। भाईदूज पर लगभग आठ से दस लाख गोलों का कारोबार जिले में होता है। कुछ परिवारों में एक गोला तो कुछ परिवारों में दो गोले देने की परंपरा है। - राधेश्याम गुप्ता, अध्यक्ष दाल मंडी एसोसिएशन