50 कबाड़ियों ने दिए शपथ पत्र, अभी दुकानें खोलने की अनुमति नहीं
मेरठ। सोतीगंज में चोरी और लूट के वाहनों का कटान करने वाले कबाड़ियों ने भी अपने शपथ पत्र थाने में देने शुरू कर दिए हैं। 50 कबाड़ियों ने अपने जीएसटी के कागजात और शपथ पत्र दाखिल किया है। इसके साथ ही कुछ कबाड़ियों ने तर्क दिया है कि वह जीएसटी क दायरे में नहीं आते हैं। इस कारण जीएसटी में पंजीयन नहीं कराया है।
सोतीगंज को बंद रखने के आदेश के बाद नए दुकानदारों तो पहले दिन से कागजात जमा करना शुरू कर दिया था, लेकिन कबाड़ी तीन दिन तक बैकफुट पर रहे। बुधवार से उन्होंने अपने कागजात जमा करने शुरू कर दिए है। उन्होंने सीए और कर अधिवक्ताओं से राय लेकर कागजात तैयार किए और उन्हें सदर बाजार थाने में इंस्पेक्टर क्राइम सत्येंद्र कुमार सिंह को सौंपे। इनके सत्यापन के बाद ही आगे का निर्णय लिया जाएगा। वहीं, दूसरी ओर पुलिस ने बुधवार को पैदल गश्त कर सोतीगंज की निगरानी की।
इस बारे में एएसपी कैंट सूरज राय ने बताया कि कबाड़ी अभी अपने कागजात जमा करा रहे हैं। सत्यापन कराने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। छोटी रिपेयरिंग वाली और नई दुकानों को खोलने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने कहा कि बिना जरूरी दस्तावेजों के दुकानें नहीं खोलने दी जाएंगी।
--