दौराला। बकायेदार उपभोक्ताओं को लाभ देने के लिए विद्युत निगम की आसान किस्त योजना एवं किसान आसान किस्त योजना की तिथि बढ़ाकर 31 मार्च तक कर दी गई है। इस योजना से निगम को काफी राजस्व की प्राप्ति हुई है और बकायेदारों ने योजना का बड़ी संख्या में लाभ लिया है।
विद्युत निगम ने नवंबर में बकायेदार उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने के लिए आसान किस्त योजना लागू की थी। इस योजना को लागू करने के बाद निगम ने ग्रामीण क्षेत्र के बकायेदारों के लिए 24 एवं शहरी बकायेदारों के लिए 12 किस्त में बकाया जमा करने की सुविधा प्रदान की। इस योजना के सफल होने के बाद निगम ने फरवरी में किसान आसान किस्त योजना लागू की थी। दोनों की योजना का लाभ लेने के लिए 29 फरवरी पंजीकरण कराने के लिए अंतिम तिथि थी। इस योजना के तहत बकायेदारों ने काफी लाभ लिया और विभाग को राजस्व की प्राप्ति हुई। सकौती उपखंड कार्यालय की बात करें तो यहां दस हजार से ऊपर के बकायेदारों में से अब तक 45 सौ के करीब बकायेदारों ने लाभ लिया है। वहीं, किसान आसान किस्त योजना के तहत 3981 बकायेदार किसानों में से एक हजार के करीब पंजीकरण कराए हैं। योजना के सफल होने पर यह तिथि बढ़ाकर 31 मार्च कर दी गई है। सकौती उपखंड कार्यालय के एसडीओ विनेश कुमार ने बताया कि इस योजना से निगम को काफी लाभ हुआ है। निगम ने अब यह तिथि बढ़ा दी है, ताकि बचे हुए बकायेदार भी इस योजना का लाभ जल्द से जल्द ले सके।