आज 11 ट्रेनें रद्द, पांच के मार्ग बदले
- खतौली से मुजफ्फरनगर तक दोहरीकरण का कार्य होगा शुरू
- 17 से 20 मई तक चलेगा कार्य, 18 को आएंगे डीआरएम
मेरठ।
तीन साल से अटके पड़े खतौली से मुजफ्फरनगर तक दोहरीकरण का कार्य आखिरकार 20 मई को पूरा होने जा रहा है। इसके लिए रेलवे तैयारियों में जुट गया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे से काम शुरू कर दिया जाएगा। पहले दिन 11 ट्रेनें रद्द और पांच के मार्ग बदले जा रहे हैं। शाम तक चलने वाले काम को चार से पांच घंटों के चरणों में किया जाएगा। इसके लिए दिल्ली से भी इंजीनियरों की टीम पहुंच गई है। 20 मई को कमिश्नर रेलवे सेफ्टी ट्रैक पर 110 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रेन चलाकर निरीक्षण कर हरी झंडी देंगे।
शुक्रवार को रद्द ट्रेन वाली सूची में अंबाला-नई दिल्ली इंटरसिटी एक्सप्रेस, दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, ऋषिकेश-दिल्ली पैसेंजर, मेरठ-अंबाला पैसेंजर, निजामुद्दीन-अंबाला पैसेंजर, नई दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, दिल्ली-सहारनपुर पैसेंजर, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर, सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर, दिल्ली-ऋषिकेश पैसेंजर, कालका-दिल्ली पैसेंजर शामिल हैं। वहीं, इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस, चेन्नई एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस, कोच्विली एक्सप्रेस वाया शामली होकर गुजरेंगी। इसके अलावा दोहरीकरण कार्य के बीच में 18 मई को दिल्ली डिवीजन डीआरएम सुखमल चंद जैन निरीक्षण करेंगे। सिटी स्टेशन अधीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि स्टेशन पर जो कार्य अभी तक नहीं हो पाए हैं, उसकी सूची तैयार कर ली गई है। सिटी स्टेशन पर पिछले काफी समय से ट्रेन डिस्पले सिस्टम और कोच डिस्पले सिस्टम का न होना यात्रियों की प्रमुख समस्या है।