मवाना। मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति ने तीन लोगों को नामजद करते हुए कार को धोखाधड़ी से बेचने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि सात दिन पहले मामला थाने पहुंचा था। जिसमें मुजफ्फरनगर के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी प्रवीण ने बताया कि उसने लगभग सवा महीने पहले अपने एक जानकार सुजड़ो निवासी राकिब को दो दिन के लिए कार दी थी। राकिब के पास से सुजड़ो निवासी शाहिद नामक युवक कार ले गया। प्रवीण ने बताया था कि वह रोज अपनी कार राकिब से मांगता, जिस पर वह एक-दो तीन कहकर उसे टाल देता था। एक माह बीतने पर भी जब कार नहीं मिली तो उसने राकिब से पूरे मामले की जानकारी ली। जिस पर उसने शाहिद को कार देने की जानकारी दी। शाहिद किसी मामले में जेल चला गया। इसके बाद उन्होंने कार की तलाश की तो कार मवाना निवासी विनय के पास मिली। विनय ने शाहिद से कार खरीदने की जानकारी दी। इस पर प्रवीण ने अपने संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। प्रवीण ने मामले की जानकारी मवाना पुलिस को भी दी। सात दिन पहले दोनों पक्षों मवाना थाने पहुंचे अपनी-अपनी बात रखी। पुलिस ने कार को थाने में खड़ा कर लिया था और मामले की जांच में जुटी थी। वहीं, विनय के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि उसने शाहिद के खाते में रुपये ट्रांसफर किए थे। उसे कार वापस लौटाने में कोई दिक्कत नहीं है, परंतु उसके रुपये वापस मिलने चाहिए। वहीं, थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि इस मामले में वांछित चल रहे शाहिद को गिरफ्तार किया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी तथा कार्रवाई की जा सकेगी।