अंतिम संस्कार रुकवाकर भड़के सीओ दौराला
सभी केंद्र
- महिला का गुपचुप तरीके से अंतिम संस्कार कर रहे थे ससुराल वाले
- मायकेवालों ने हत्या की सूचना दी, श्मशान घाट पर पहुंचे पुलिसकर्मी
- सीओ दौराला जितेंद्र सरगम के विवादित बोल, वीडियो हुआ वायरल
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। हत्या को सामान्य मौत बताकर गुपचुप तरीके से महिला का अंतिम संस्कार कराने की शिकायत पर सीओ दौराला पुलिस फोर्स लेकर श्मशान घाट पर पहुंच गए। शव का पोस्टमार्टम कराने पर ससुराल पक्ष ने आपत्ति जताई, जबकि मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर पुलिस को सूचना दी थी। इस पर सीओ दौराला भड़क गए। उनका आपत्तिजनक बोल का वीडियो वायरल हो गया है।
पुलिस के मुताबिक कंकरखेड़ा क्षेत्र के जिटौली गांव निवासी हलवाई सुभाष की शादी 12 साल पूर्व सीमा निवासी हापुड़ से हुई थी। तीन दिन पहले दंपती और उनका परिवार मुरादनगर में भात देने के लिए गया था। आरोप है कि मुरादनगर में किसी बात पर दंपती का रिश्तेदारों से विवाद हो गया। जिसमें सीमा के साथ मारपीट होने की बात कहीं गई। जिसमें वह घायल हो गई थी। हालांकि सुभाष ने एक्सीडेंट में चोट लगना बताया था।
महिला का तभी से अस्पताल में इलाज चल रहा था। रविवार को महिला की मौत हो गई। ससुराल के लोग महिला का शव लेकर नंदपुरी श्मशान घाट पर लेकर गए। इसी दौरान मायके वालों ने कंट्रोल रूम पर हत्या की सूचना दे दी। जिस पर सीओ दौराला श्मशान घाट पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
सीओ के विवादित बोल
सीओ दौराला जितेंद्र सरगम ने कानूनी प्रक्रिया तो ठीक की। लेकिन महिला के परिजनों से गाली गलौज कर दी। जिसकी वीडियो वायरल हो गई। इसको लेकर मेरठ व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू नागपाल व महामंत्री शैंकी वर्मा ने सीओ के विवादित बोल पर आपत्ति जताई है।
मैंने नहीं की गालीगलौज
मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर सूचना दी। जिस पर मैं फोर्स लेकर श्मशान घाट पर गया था। ससुराल पक्ष के लोग पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर रहे थे। मैंने किसी से कोई गालीगलौज नहीं की। कानून प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है। -जितेंद्र कुमार सरगम, सीओ दौराला