जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर का विवादित वीडियो वायरल
वीडियो में कह रहे हैं - एक वर्ग विशेष के लोग नौचंदी मेले में करते हैं छेड़छाड़, उनका मौके पर करूंगा इलाज
अमर उजाला ब्यूरो
मेरठ। जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह का नौचंदी मेला आयोजन को लेकर एक विवादित बयान चर्चा में आ गया है। इस बयान का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कुलविंदर नौचंदी मेले में एक वर्ग विशेष द्वारा छेड़छाड़ करने और उनसे खुद निपटने की बात कह रहे हैं।
नौचंदी मेला आयोजन इस बार जिला पंचायत कर रही है। वायरल वीडियो में किसी चैनल को दिए साक्षात्कार में कुलविंदर सिंह कह रहे हैं कि मैंने सुना है कि अब से पूर्व जब से यह मेला लगता आ रहा है, एक वर्ग विशेष के लोग आकर उत्पात मचाते हैं। ऐसे तत्व कोशिश करते हैं कि हिंदू परिवार कम से कम मेले में आएं। लेकिन इस बार मैं साफ कह देना चाहता हूं कि सुरक्षा के लिए पुलिस-प्रशासन से मांग की गई है, लेकिन मैं अपनी सुरक्षा भी वहां रखूंगा। खुद मौके पर रहूंगा। यदि कोई गलत हरकत करता मिला, तो उसका इलाज वहीं मौके पर मैं खुद करूंगा। हम किसी का इंतजार नहीं करेंगे। जो जैसी भाषा समझेगा, उसे उसी भाषा में समझाया जाएगा।
वर्जन
मैंने किसी पर भी आरोप नहीं लगाया, बल्कि जो सुना उसी के आधार पर कहा। छेड़छाड़ या अराजकता करने वाला चाहे किसी भी वर्ग का हो, उसका इलाज किया जाएगा।
- कुलविंदर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष